
Lt Gen Ashok Joshi Death: भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जोशी का 90 साल की उम्र में निधन हो गया है। पुणे के कोंढवा इलाके में स्थित सालुंखे विहार (Salunke Vihar Wanowrie) की एक रिहायशी इमारत की छत से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। वह बुधवार सुबह धूप सेंकने के लिए छत पर गए थे। कुछ समय बाद इमारत के परिसर में उनका शव मिला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जोशी पुणे के वानवडी इलाके में एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहते थे। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने अपने घरेलू सहायक को बताया था कि ठंड लगने के कारण वह धूप सेंकने के लिए इमारत की छत पर जा रहे हैं।
कुछ समय बाद इमारत में रहने वाले लोगों ने उन्हें नीचे परिसर में गिरा हुआ देखा। इसके बाद घरेलू सहायक को इसकी जानकारी दी गई और उसने जोशी के परिवार को सूचित किया।
सूचना मिलते ही उनकी बेटी मौके पर पहुंचीं और उन्हें एंबुलेंस से दक्षिणी कमान अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में बेटी और दामाद हैं।
इस घटना के बाद कोंढवा पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने उनकी बेटी का बयान भी दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटी ने बताया कि पूर्व सैन्य अधिकारी अशोक जोशी को पहले भी चक्कर आने की समस्या होती थी। इस वजह से वह घर में भी कई बार गिर चुके थे। परिवार को किसी पर संदेह नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि छत पर धूप में खड़े रहने के दौरान चक्कर आने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए। पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जोशी भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल रहे थे। उन्होंने 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्धों में हिस्सा लिया था। सेना में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने 'डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ट्रेनिंग' (DGMT) के पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
उन्होंने वाशिंगटन में भारत के 'रक्षा अताशे' के रूप में भी सेवाएं दी थीं। युद्ध अभियांत्रिकी (combat engineering), राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य इतिहास के क्षेत्र में उनके योगदान का विशेष सम्मान किया जाता था। पूर्वी लद्दाख में न्योमा एयरफील्ड (Nyoma Airfield) के विकास के लिए किए गए शुरुआती सर्वेक्षण कार्य में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
बता दें कि न्योमा एयरफील्ड पूर्वी लद्दाख में समुद्र तल से लगभग 13,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुनिया का सबसे ऊंचा फाइटर-सक्षम एयरबेस है। यह चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के बेहद करीब स्थित है। इस वजह से यह देश की उत्तरी सीमा की सुरक्षा के लिए लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।