मुंबई

Maharashtra Crime: ‘मेरी मां से दूर रहो’, चेतावनी के बाद भी नहीं माना प्रेमी, तो बेटे ने दिनदहाड़े चौराहे पर कर दी हत्या

Maharashtra News: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में प्रेम संबंधों के विवाद में 40 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस मामले में महिला का बेटा ही मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 1:20 PM IST
love relations murder case Maharashtra
महाराष्ट्र में अवैध प्रेम संबंध के चलते 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या (Photo: IANS/File)

Ahilyanagar Crime: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में कथित प्रेम संबंधों को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार भयानक वारदात तक पहुंच गया। नेवासा तालुका के सोनई गांव में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े 40 वर्षीय रावसाहेब पंडित की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक में शिंगणापुर कमान के पास दिनदहाड़े हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक के एक महिला के साथ प्रेम संबंध थे। आरोप है कि महिला के बेटे ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

बीच चौराहे पर किया जानलेवा हमला, फैली दहशत

जानकारी के मुताबिक, रावसाहेब पेशे से मालवाहक वाहन के चालक थे और खेत में काम करने वाले मजदूरों को लाने-ले जाने का काम करते थे। इसी दौरान उनकी पहचान गांव की एक महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। जब महिला के बेटे को इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो घर में विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि महिला का बेटा रावसाहेब को कई बार मां से दूर रहने और अवैध संबंधों को खत्म करने के लिए चेतावनी दे चुका था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क जारी रहने से वह नाराज था। पुलिस की शुरुआती जांच में इसी नाराजगी को हत्या की वजह माना जा रहा है।

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे के करीब जब रावसाहेब आंबेडकर चौक में अपने वाहन के पास खड़े थे। इसी दौरान महिला का बेटा अपने एक साथी के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। दोनों ने अचानक रावसाहेब पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दिनदहाड़े व्यस्त चौराहे पर हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत

हमले में गंभीर रूप से घायल रावसाहेब खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही रावसाहेब के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए अहिल्यानगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मुख्य आरोपी पुलिस की हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी

इस मामले में मृतक के छोटे भाई दीपक (36) की शिकायत पर सोनई पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Updated on:
14 Nov 2026, 1:20 PM IST
Published on: