मुंबई

महाराष्ट्र के भंडारा में दर्दनाक हादसा, शादी से लौट रही वैन ट्रेलर से टकराई, 5 की मौके पर मौत

Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक वैन और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वैन में सवार लोग एक शादी समारोह से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

2 min read
Apr 24, 2026
Van Accident in Maharashtra
भंडारा में शादी से लौट रहे बारातियों की वैन का एक्सीडेंट (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र के भंडारा जिले (Bhandara News) में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें शादी समारोह से लौट रहे कम से कम पांच बारातियों की मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार, पवनी तालुका के सौंदड के पास तेज रफ्तार वैन का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टायर फटने से हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के मुताबिक, भंडारा के कोंडा कोसरा इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाराती वैन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वैन का एक टायर फट गया, जिससे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते तेज रफ्तार वैन सीधे सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

4 महिलाओं समेत 5 की मौके पर मौत

इस हादसे में वैन में सवार चार महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुर्गा देवराम नांगरे, नैना देवराम नागरे, श्वेता पुरुषोत्तम नागरे, प्रभाकर चाचेरकर और मुन्नी प्रभाकर चाचेरकर के तौर पर हुई है। सभी भंडारा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी थे।

घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रक्षा खेलकर, स्नेहा गिरीधर और सोहम जागेश्वर गेडेकर को भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं उमेश बोडणालाल सोनवणे का वडाला ग्रामीण अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदला

शादी जैसे खुशी के मौके से लौट रहे परिवारों के लिए यह हादसा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। कुछ ही पलों में हर्ष का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। इस घटना के बाद पीड़ितों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में टायर फटना इस हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और वाहन की नियमित जांच कराने की अपील की है।

Updated on:
24 Apr 2026 12:36 pm
Published on:
24 Apr 2026 12:32 pm