
Maharashtra SSC Exam Dates: महाराष्ट्र में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) ने फरवरी-मार्च 2027 में होने वाली 10वीं (SSC) और 12वीं (HSC) परीक्षाओं का अंतिम संभावित कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके अनुसार, 12वीं की लिखित परीक्षाएं 6 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 15 मार्च 2027 तक चलेंगी।
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, दोनों परीक्षाओं का विषयवार विस्तृत टाइमटेबल 6 दिसंबर से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड के मुताबिक, टाइमटेबल जारी होने से छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। साथ ही स्कूलों और जूनियर कॉलेजों को भी पढ़ाई और रिवीजन की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
महाराष्ट्र बोर्ड के सचिव डॉ. दीपक माली ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी है। राज्य के नौ विभागीय मंडलों के माध्यम से ये परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
| परीक्षा | लिखित परीक्षा की तारीख |
|---|---|
| 12वीं (HSC) | 6 फरवरी से 18 मार्च 2027 |
| 10वीं (SSC) | 15 फरवरी से 15 मार्च 2027 |
महाराष्ट्र बोर्ड ने लिखित परीक्षाओं के साथ ही प्रैक्टिकल, मौखिक, आंतरिक मूल्यांकन और श्रेणी परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित की हैं। 12वीं के छात्रों की प्रैक्टिकल, मौखिक और आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाएं 20 जनवरी से 6 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होंगी। वहीं, 10वीं के छात्रों की इन परीक्षाओं का आयोजन 28 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
महाराष्ट्र बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं राज्य के नौ विभागीय मंडलों के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इनमें पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, मुंबई, कोल्हापुर, अमरावती, नासिक, लातूर और कोंकण विभाग शामिल हैं। महाराष्ट्र में 2026 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 30 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे।
बोर्ड के सचिव डॉ. दीपक माली ने स्पष्ट किया है कि विषयवार विस्तृत टाइमटेबल 6 दिसंबर से महाराष्ट्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत वेबसाइटों पर प्रसारित होने वाले परीक्षा कार्यक्रम पर भरोसा न करें। स्कूलों और जूनियर कॉलेजों के माध्यम से छात्रों को दिया जाने वाला छपा हुआ टाइमटेबल ही अंतिम माना जाएगा। इसलिए छात्र उसी के अनुसार अपनी परीक्षा की तैयारी करें। आधिकारिक वेबसाइट: Maharashtra State Board