मुंबई

शक, नफरत या कुछ और? शिक्षक पत्नी की हत्या का राज खुला, पति के कबूलनामे से पुलिस भी हैरान

Maharashtra teacher murder case: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षिका की मौत को पहले सड़क हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह पूरा मामला हत्या का निकला।
2 min read
Mar 10, 2026
Maharashtra teacher murder
महाराष्ट्र में पत्नी को मारने के लिए पति ने रची खौफनाक साजिश (Photo: X/IANS)

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही शिक्षक पत्नी की हत्या के लिए फिल्मी स्टाइल में साजिश रची। जिला परिषद में शिक्षिका वृषाली गावंडे की सड़क हादसे में हुई मौत वास्तव में कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि उसके पति प्रकाश गावंडे द्वारा रची गई एक सोची-समझी हत्या थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रकाश ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए तीन बार कोशिशें की थीं, लेकिन हर बार वह बच जाती थी। आखिरकार, एक लाख रुपये की सुपारी देकर उसने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतरवा दिया। वृषाली और प्रकाश का एक बेटा भी है।

पति ही क्यों बना जान का दुश्मन?

इस हत्याकांड के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है। पुलिस जांच में सामने आया कि वृषाली को लंबे समय से ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। पति प्रकाश लगातार चार पहिया गाड़ी, सोने के गहने और पैसों की मांग करता था। इन मांगों को लेकर वृषाली पर मानसिक दबाव बनाया जाता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर वृषाली ने अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रकाश को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने वृषाली को हमेशा के लिए खामोश करने का फैसला कर लिया।

तीन बार नाकाम कोशिश, फिर हादसे का षड्यंत्र

पुलिस की पूछताछ में यह सामने आया कि प्रकाश ने पहले तीन बार वृषाली को जहर देकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन किस्मत से वह हर बार बच गई। जब जहर का प्लान फेल हो गया, तो उसने इसे सड़क हादसे का रूप देने की साजिश रची। इसके लिए उसने मनीष सूर्यवंशी नामक व्यक्ति को एक लाख रुपये की सुपारी दी।

मनीष ने घटना वाले दिन स्कूटी से स्कूल जा रही वृषाली को अपनी गाड़ी से जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद प्रकाश घटनास्थल पर गया और अपनी पत्नी की मौत पर रोने का नाटक तक किया। शुरुआत में इसे सामान्य एक्सीडेंट माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच और मनीष के कबूलनामे ने पूरे मामले का रुख मोड़ दिया।

पूछताछ में टूटा आरोपी

जलगांव जामोद पुलिस ने जब संदेह के आधार पर मनीष सूर्यवंशी को हिरासत में लिया, तो उसने इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने जब आरोपी पति प्रकाश को सख्ती से पूछताछ की तो उसने भी अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। उसने माना कि पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत का बदला लेने के लिए उसने यह कदम उठाया।

वृषाली के भाई सुमित डोसे ने भी अपने बयान में पुष्टि की है कि उनकी बहन पर पैसों के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने पति सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब इस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और घरेलू प्रताड़ना के एक खौफनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।

Updated on:
10 Mar 2026 07:54 pm
Published on:
10 Mar 2026 07:54 pm