Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के जालना जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 25 वर्षीय इंजीनियर युवती ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर पिछले 10 सालों से यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है।
महाराष्ट्र के जालना जिले से कथित ‘लव जिहाद’ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भोकरदन तालुका के एक गांव की 25 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि साल 2016 से 2026 तक उसके साथ लगातार दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना की गई। पीड़िता का आरोप है कि उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया गया, कुरान पढ़ाई गई और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया।
करीब 10 साल तक डर और बदनामी के भय में जीने के बाद आखिरकार पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले के सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें
पीड़िता की शिकायत पर पारद पुलिस स्टेशन में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में Sheikh Imran Sheikh Habib, Sheikh Habib, Sheikh Bano Sheikh Habib और Sheikh Juned Sheikh Habib शामिल हैं।
सभी आरोपियों को जालना कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पीड़िता के मुताबिक यह मामला साल 2016 में शुरू हुआ, जब वह 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। शिकायत में कहा गया है कि एक दिन वह घर में अकेली थी और नहा रही थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला इमरान घर में घुस आया और उसने युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं।
आरोप है कि बाद में उन्हीं तस्वीरों के जरिए युवती को ब्लैकमेल किया गया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो तस्वीरें स्कूल में वायरल कर देगा।
पीड़िता ने बताया कि 2018 में जब वह 11वीं की पढ़ाई के लिए छत्रपति संभाजीनगर गई थी। उस समय उसकी उम्र करीब 16 साल थी। आरोप है कि उसी दौरान इमरान वहां पहुंचा और उसे एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहां पहली बार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।
पीड़िता के अनुसार इसके बाद कई वर्षों तक लगातार उसका यौन शोषण किया जाता रहा। डर और बदनामी की वजह से वह विरोध नहीं कर पाती थी।
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी ने युवती पर मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाया। उसे कुरान की प्रतियां मराठी भाषा में दी गईं। इमरान वीडियो कॉल के जरिए भी उसे कुरान पढ़ाया करता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का लालच देता था। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल पर उसे कपड़े उतारने और आपत्तिजनक हरकतें करने के लिए मजबूर किया जाता था।
पढ़ाई पूरी होने के बाद जब युवती गांव लौटी, तब आरोपी मौका पाकर उसे अपने घर ले जाता और दुष्कर्म करता। पीड़िता के अनुसार, आरोपी के परिवार वालों ने उसे बुर्का पहनने के लिए कहा और उसके कपड़े तक उतरवाए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ संबंध बनाता रहा। बाद में जब उसका परिवार दूसरे इलाके में रहने चला गया, तब भी आरोपी वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट कर जबरन संबंध बनाए।
पीड़िता अब इंजीनियर है और फिलहाल बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी के पास उसके कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे, इसलिए वह वर्षों तक डर के साये में जीती रही।
समाज में बदनामी और परिवार की इज्जत जाने के डर से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन जब अत्याचार असहनीय हो गया, तब उसने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले के हर पहलू की जांच की जाएगी।