
Maharashtra Political News: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की राजनीति में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विजय वडेट्टीवार के मजबूत माने जाने वाले धानोरा नगर पंचायत क्षेत्र में भाजपा (BJP) ने बड़ी सेंध लगाई है। धानोरा नगर पंचायत की नगराध्यक्ष, उपनगराध्यक्ष और कुल 9 कांग्रेस पार्षदों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। नागपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में सभी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, भाजपा की विचारधारा पर विश्वास जताते हुए पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं का हार्दिक स्वागत किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल राजनीतिक और सामाजिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विश्वास व्यक्त किया गया कि उनके पार्टी से जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनहित और विकास कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।
धानोरा नगर पंचायत में कांग्रेस के कुल 13 पार्षद थे। इनमें से चिमूर के भाजपा विधायक बंटी भांगड़िया के नेतृत्व में नगराध्यक्ष पूर्णिमा सयाम, उपाध्यक्ष ललित बरछा सहित भूषण उंदीरवाडे, माणिकशहा मडावी, कालिदास मोहुर्ले, नरेश चिमूरकर, सुषमा भुरसे, सीमा काटेंगे, राजू मोहुंले, यामिना पेंडाम, मुबारक सयाम, विनोद निंबोरकर, रवी लेणगुरे और मुन्ना चंदेल ने भाजपा की सदस्यता ले ली।
इस बड़े राजनीतिक बदलाव के बाद कांग्रेस के पास अब केवल 4 पार्षद ही बचे हैं। वहीं, भाजपा की स्थिति नगर पंचायत में काफी मजबूत हो गई है और सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदलता दिखाई दे रहा है।
धानोरा नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने 17 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज कर एकतरफा बहुमत हासिल किया था। उस समय विजय वडेट्टीवार के नेतृत्व में कांग्रेस ने इस क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया था और नगर पंचायत पर अपना मजबूत कब्जा स्थापित किया था।
लेकिन अब उन्हीं 13 में से 9 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ गई है। खास बात यह है कि पार्टी छोड़ने वालों में नगराध्यक्ष भी शामिल हैं, जिससे इसे विजय वडेट्टीवार के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।