मुंबई

महाराष्ट्र: मंदिर मेले से खरीदी चादर पर मिला ‘Made in Pakistan’ टैग, वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस

Pakistan Product Viral Video: महाराष्ट्र के चिंचवाड़ में मोरया गोसावी मंदिर के पास लगे मेले से खरीदी गई चादर पर 'Made in Pakistan' का टैग मिलने से हड़कंप मच गया है। महिला का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

2 min read
Jun 06, 2026
Pakistan Product Viral Video
photo source- @maheshklandge X

Made in Pakistan Tag on Bedsheet: महाराष्ट्र के पुणे जिले के चिंचवाड़ इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय मंदिर के पास लगे मेले से खरीदी गई चादर पर 'मेड इन पाकिस्तान' का टैग मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला चादर पर लगे पाकिस्तानी टैग को दिखाकर अपना गुस्सा जाहिर कर रही है। मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई है और मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।

मंदिर के पास लगे मेले से खरीदी थी चादर

मिली जानकारी के मुताबिक, चिंचवाड़ पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में 'मोरया गोसावी' नाम का एक बेहद प्रसिद्ध और बड़ा मंदिर स्थित है। संकष्टी चतुर्थी के पावन अवसर पर इस मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस दौरान मंदिर परिसर के आस-पास पूजा सामग्री, खिलौने, कपड़ों और घरेलू सामानों की कई अस्थायी दुकानें और ठेले लगाए जाते हैं, जो एक छोटे मेले का रूप ले लेते हैं। इसी मेले में लगे एक ठेले से पीड़ित महिला ने दो-तीन चादरें खरीदी थीं।

चादर धोकर सुखाते समय नजर आया 'पाकिस्तानी' स्टीकर

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और अन्य जगहों पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला अपना अनुभव साझा करते हुए कहती हैं कि 'वीडियो बनाने का कारण यह है कि कल संकष्टी चतुर्थी थी, और इस मौके पर चिंचवाड़ के 'मोरया गोसावी मंदिर' में भक्त दर्शन के लिए जाते हैं। मैं भी वहां गई थी। हर महीने संकष्टी पर वहां एक छोटा सा मेला लगता है, जहां लोग अपना सामान बेचते हैं। मैंने भी वहां से दो-तीन चीजें खरीदीं, जिनमें यह चादर भी शामिल थी। आज जब मैंने इस चादर को धोया और सुखाने के लिए डाला, तब अचानक मेरी नजर इस पर लगे स्टीकर पर पड़ी। इस स्टीकर पर साफ-साफ 'मेड इन पाकिस्तान' लिखा हुआ है।'

महिला ने जताया गुस्सा, कहा- 'सामान खरीदते समय आंखें खोलिए'

वीडियो में महिला देश के भीतर पाकिस्तानी सामान की बिक्री पर गहरी नाराजगी और चिंता व्यक्त करती नजर आ रही है। उसने आगे कहा कि हम कहां रह रहे हैं? हम बॉर्डर पर भी नहीं रहते, फिर भी हमारे पास 'मेड इन पाकिस्तान' की चीज पहुंच रही है! मुझे यह देखकर बहुत गुस्सा आ रहा है। मेले से मेरे जैसे न जाने कितने ही लोगों ने ऐसी चादरें खरीदी होंगी, यानी यह सामान कई घरों में पहुंच चुका है। हम किसे रोजगार उपलब्ध करा कर दे रहे हैं? जब मैंने इसे गूगल पर सर्च किया, तो पता चला कि पाकिस्तानी सामान भारत में बैन हैं। फिर इसे भारत कैसे लाया गया? आप सब भी सामान खरीदते समय अपनी आंखें खुली रखिए।'

मामले की जांच में जुटी चिंचवाड़ पुलिस

वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने और स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। चिंचवाड़ पुलिस की एक टीम ने इस मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मंदिर के पास ठेला लगाने वाला दुकानदार कौन था, उसने यह चादरें कहां से थोक भाव में खरीदी थीं और प्रतिबंधित होने के बावजूद 'मेड इन पाकिस्तान' का यह स्टॉक महाराष्ट्र के बाजारों तक कैसे पहुंचा।

Published on:
06 Jun 2026 05:11 pm