महाराष्ट्र में भाभी से नाजायज संबंध उजागर होने से नाराज चाचा ने 13 वर्षीय भतीजे की हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र के धाराशिव (उस्मानाबाद) जिले के तुलजापुर तालुका से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक चाचा ने अपने ही 13 वर्षीय भतीजे की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि वह अपनी मां और चाचा के बीच चल रहे अवैध संबंधों के बारे में जनता था, दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसकी जानकारी उसने अपने पिता को भी दी थी। तामलवाडी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान 13 वर्षीय कृष्णा उर्फ सदानंद कांबले के रूप में हुई है। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आरोपी ओमकार कांबले का अपनी भाभी ज्योति कांबले के साथ नाजायज संबंध थे। दोनों मजदूरी का काम करते थे। इसकी जानकारी कृष्णा को हो गई थी। कृष्णा यह बात अपने पिता को बताने लगा था, जिससे आरोपी चाचा ओमकार नाराज था।
1 जनवरी को ओमकार ने अपने सगे भतीजे कृष्णा को बिजली का पंप ठीक करने के बहाने तालाब के पास बुलाया। वहां सूनसान जगह देखकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से मासूम पर ताबड़तोड़ वार किए और उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उसने शव को तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
यह सनसनीखेज मामला 5 जनवरी को तब सामने आया जब एक चरवाहा तालाब के पास मवेशी चरा रहा था। उसे घास के बीच किसी के पैर दिखाई दिए, जिसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी। सहायक पुलिस निरीक्षक गोकुल ठाकुर तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा किया।
शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह हत्या का मामला है। गहन जांच के दौरान शक की सुई चाचा ओमकार पर गई। पुलिस ने जब बारीकी से जांच की तो ओमकार ही हत्या के पीछे शामिल मिला, इस बीच वह फरार हो गया। पुलिस को टेक्निकल सर्विलांस से आरोपी का लोकेशन उमरगा तालुका के एक टोल नाके के पास मिला। जिसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इस घटना ने पूरे धाराशिव जिले को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम बच्चे की उसके अपने ही चाचा ने निर्मम हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें