मुंबई

बॉयफ्रेंड ने फोन नहीं उठाया तो प्रेमिका ने वायरल कर दी खुद की प्राइवेट वीडियो, लड़के पर पॉक्सो केस दर्ज

Minor Girl Viral Private Video: महाराष्ट्र में एक नाबालिग लड़की अपने कथित प्रेमी से इस कदर नाराज हुई कि उसने आवेश में आकर खुद के और प्रेमी के कई अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

2 min read
May 14, 2026
Maharashtra Kolhapur Crime
महाराष्ट्र में 4 लड़कों ने युवती से किया सामूहिक बलात्कार (AI Image)

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमी के फोन नहीं उठाने और लगातार नजरअंदाज करने से नाराज एक नाबालिग लड़की ने खुद ही अपने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, मामला कोल्हापुर के शिरोल तालुका का है। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से बेहद नाराज थी क्योंकि वह उसके फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा था। इसी गुस्से में लड़की ने अपने प्रेमी के साथ बनाए गए तीन अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई।

नाबालिग ने खुद वीडियो किए वायरल- पुलिस

पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में दिख रहा युवक पीड़ित लड़की का प्रेमी है। नाबालिग लड़की ने प्रेमी (आरोपी) को सबक सिखाने के इरादे से अपने निजी वीडियो लीक किये। चूंकि लड़की नाबालिग है, इसलिए पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शिरोल पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

लॉज पर भी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिन वीडियो को वायरल किया गया, वे एक लॉज में शूट किए गए थे। ऐसे में अब उस लॉज के मालिक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लड़के और नाबालिग लड़की को लॉज में कमरा कैसे दिया गया और क्या नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

इस बीच, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निजी या आपत्तिजनक वीडियो को शेयर न करें, क्योंकि ऐसा करना कानूनन अपराध है। खासकर नाबालिगों के मामले में तुरंत गिरफ्तारी हो सकती है। यह एक गैर-जमानती अपराध है।

प्रेम संबंधों के विवाद में मां के प्रेमी का कत्ल

इसी बीच, पुणे के हडपसर इलाके से भी प्रेम संबंधों से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवती के प्रेम संबंध का विरोध करने और धमकी देने पर उसकी मां के प्रेमी की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवती की मां का प्रेमी लगातार युवती पर दबाव बना रहा था कि वह अपने प्रेमी (आरोपी) से रिश्ता तोड़ ले।

इस मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश युवती के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।

Published on:
14 May 2026 03:17 pm