मुंबई

सुप्रिया सुले के समधी को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार, जानें कौन है अरुण लखानी?

महाराष्ट्र में 18 जून को होने वाले विधान परिषद चुनाव (MLC) को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। इस बीच भाजपा ने वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली सीट से एनसीपी (शरद पवार) नेता सुप्रिया सुले के होने वाले समधी और बड़े उद्योगपति अरुण लखानी (Arun Lakhani) को चुनावी मैदान में उतारा है।

2 min read
Jun 02, 2026
supriya sule relative Arun Lakhani BJP ticket
पीएम मोदी के साथ अरुण लखानी, सुप्रिया सुले और परिवार के अन्य सदस्य (Photo: X/@iShitalPawar)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की 17 स्थानीय प्राधिकरण सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भाजपा (BJP) ने एक ऐसा दांव चला, जिसकी राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है। पार्टी ने उद्योगपति अरुण लखानी को उम्मीदवार बनाकर चुनावी मुकाबले में उतारा है। खास बात यह है कि अरुण लखानी के बेटे सारंग लखानी की शादी जल्द ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और बारामती सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले से होने वाली है।

इस रिश्ते के चलते अरुण लखानी का नाम सीधे तौर पर शरद पवार परिवार से जुड़ गया है, जिससे उनकी उम्मीदवारी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।

वर्धा-चंद्रपुर-गढचिरौली सीट से BJP ने उतारा

भाजपा ने अरुण लखानी को वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली एमएलसी सीट के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार शैलेश अग्रवाल से होगा।

अरुण लखानी महाराष्ट्र के जाने-माने उद्योगपति हैं और विश्वराज ग्रुप के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी कंपनी जल संरक्षण, अपशिष्ट जल प्रबंधन और सड़क अवसंरचना विकास जैसे क्षेत्रों में काम करती है।

फडणवीस और गडकरी के करीबी माने जाते हैं लखानी

रिपोर्ट्स के अनुसार, अरुण लखानी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का करीबी माना जाता है। यही वजह है कि भाजपा ने उन्हें विधान परिषद चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

परिवार और राजनीति को अलग रखना चाहिए- लखानी

अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अरुण लखानी ने अपने और पवार परिवार के रिश्तों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पारिवारिक रिश्तों और राजनीति को एक-दूसरे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

लखानी ने बताया कि नामांकन के बाद सुप्रिया सुले ने उन्हें बधाई संदेश भी भेजा। उन्होंने कहा कि पवार परिवार का जिक्र होना स्वाभाविक है क्योंकि वह महाराष्ट्र का बड़ा राजनीतिक परिवार है और अब उनके साथ पारिवारिक संबंध भी जुड़ने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, परिवार और राजनीति को मिलाकर नहीं देखना चाहिए। हमारे पारिवारिक संबंध अपनी जगह हैं और सियासत अपनी जगह।

चुनावी राजनीति में बढ़ी दिलचस्पी

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव से पहले भाजपा द्वारा अरुण लखानी को उम्मीदवार बनाए जाने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक ओर लखानी का संबंध शरद पवार परिवार से जुड़ने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वह भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार शैलेश अग्रवाल से है। कांग्रेस उसी महाविकास आघाडी (MVA) गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें एनसीपी शरद गुट और शिवसेना उद्धव गुट शामिल है। राज्य की 17 एमएलसी सीटों पर 18 जून को वोटिंग होगी।

हाल ही में सुप्रिया सुले ने पीएम मोदी से मुलाकात की, इस दौरान अरुण लखानी व परिवार के अन्य सदस्य भी साथ थे-

Published on:
02 Jun 2026 01:46 pm