Monsoon 2024 : मुंबई में मॉनसून के आगमन की सामान्य तारीख 11 जून है। लेकिन मुंबई में दो दिन पहले रविवार को मॉनसून ने दस्तक दे दी। मुंबई में मॉनसून के पहुंचने के बाद एक-दो दिन में यह पूरे राज्य में दस्तक देगा।
Maharashtra Monsoon Update : महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मॉनसून ने आज (9 जून) मुंबई और ठाणे में जोरदार दस्तक दी। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। मुंबई, ठाणे और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
महाराष्ट्र में रविवार तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ठाणे, अहमदनगर और बीड तक पहुंचा है। मॉनसून के आगमन के चलते 24 घंटे की अवधि (शनिवार से रविवार सुबह 8.30 बजे तक) में मुंबई में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई। वहीँ, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर, सातारा और जलगांव सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में भी पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश हो रही है।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सातारा में बीते एक दिन में 91 मिमी, नासिक में 64 मिमी, अहमदनगर में 57 मिमी, छत्रपति संभाजीनगर में 51 मिमी और जलगांव में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीँ, ठाणे में रविवार दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे के बीच 16.76 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 10 जून तक सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दोनों जिलों के विभिन्न हिस्सों, खासकर घाट क्षेत्र में भीषण बारिश होगी। वहीँ, ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट और मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी ने मध्य महाराष्ट्र में 9 और 10 जून को भारी बारिश (64.5-115.5 मिमी) से लेकर बहुत भारी बारिश (115.5-204.4 मिमी) और अत्यंत भारी बारिश (>204.4 मिमी) होने की संभावना जताई है। जबकि अलग-अलग स्थानों पर 11 जून को भारी बारिश से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
कोंकण में 9 और 10 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश (64.5-115.5 मिमी) से लेकर बहुत भारी बारिश (115.5-204.4 मिमी) व कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश (>204.4 मिमी) होने की उम्मीद है। जबकि 11 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश से बहुत भारी बारिश हो सकती है।