मुंबई

महाराष्ट्र में बारिश बनी आफत! मुंबई में सड़कें जलमग्न, 2 की मौत, पुणे में टूटा 34 साल का रिकॉर्ड

Monsoon 2024 : पुणे में भारी बारिश के कारण अपर ओटा इलाके में एक पेड़ गिर गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

2 min read
Jun 10, 2024

Mumbai Pune Monsoon Update : महाराष्ट्र में समय से पहले मॉनसून ने दस्तक दी है। मुंबई, ठाणे, नासिक और पुणे समेत पूरे कोंकण में भारी बारिश हो रही है। बीती रात मुंबई के विक्रोली इलाके में तेज बारिश के चलते एक मकान का हिस्सा ढह गया। इस घटना में एक नाबालिग लड़के और उसके पिता की मौत हो गई। मुंबई के दादर टीटी और सायन के महात्मा गांधी मार्केट में पानी भर गया। वहीँ, पुणे में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है।

मौसम विभाग ने मुंबई के लिए येलो और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण विक्रोली में एक मकान का एक हिस्सा ढह जाने से एक नाबालिग लड़के और उसके पिता की मौत हो गई। बीएमसी आपदा नियंत्रण के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 11.15 बजे एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत में हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भारी बारिश के चलते लोहे की बीम का कुछ हिस्सा और एक मंजिल का स्लैब गिर गया। मलबे से पिता-पुत्र को निकाला गया और बीएमसी के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दोनों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पहचान नागेश आर रेड्डी (38) और रोहित रेड्डी (10) के रूप में हुई है।

पुणे में रिकॉर्ड बारिश, 1 की मौत

पुणे शहर समेत जिले में भारी बारिश ने पिछले 34 साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये है। पुणे में लगातार दो दिनों से बारिश हो रही है। शहर में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। पुणे में 9 दिनों में 209 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने पुणे में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 24 घंटे में जिले के शिवाजीनगर में 119.1 मिमी, इंदापूर में 110 मिमी, वडगावशेरी में 92.5 मिमी बारिश हुई है। पुणे में भारी बारिश के कारण अपर ओटा इलाके में एक पेड़ गिर गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पिछले साल पुणे में मॉनसून दो हफ्ते की देरी से 25 जून को पहुंचा था। आमतौर पर हर साल 9 से 10 जून के बीच शहर में मॉनसूनी बारिश शुरू होती हैं। मुंबई में भी मॉनसून दो दिन जल्दी पहुंचा है।

Updated on:
10 Jun 2024 11:43 am
Published on:
10 Jun 2024 11:34 am
Also Read
View All

अगली खबर