शिंदे खेमे के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में शिंदे गुट को एक कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री का पद मिलने वाला है। शिंदे खेमे के सांसद प्रतापराव जाधव का नाम इस लिस्ट में सबसे आगे चल रहा है।
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार ने 9 अगस्त को अपना मंत्रिमंडल विस्तार किया है। इस कैबिनेट विस्तार में 9 बीजेपी के और 9 शिंदे खेमे के विधायकों को शामिल किया गया है। इस बीच, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एकनाथ शिंदे गुट को मोदी सरकार में दो मंत्रिपद दिए जाएंगे, जिसमें एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री का जिम्मा सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी जब भी अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे, उसमें शिंदे खेमे के दो सांसद शामिल होंगे। इस लिस्ट में मुंबई साउथ सेंट्रल से सांसद राहुल शेवाले और विदर्भ के बुलढाणा से प्रतापराव जाधव का नाम सबसे आगे चल रहा है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने आज कहा कि राज्य में नव नियुक्त मंत्रियों को जल्द से जल्द उनके विभाग सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि राज्य सरकार भारी बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को जल्द ही मुआवजा दे देगी। यह भी पढ़ें: Mumbai: नवाब मलिक को लगा एक और बड़ा झटका, समीर वानखेड़े को जाति प्रमाण पत्र मामले में मिली क्लीन चिट
बता दें कि मोदी सरकार में मुंबई साउथ सेंट्रल से सांसद राहुल शेवाले और विदर्भ के बुलढाणा से प्रतापराव जाधव को मंत्री बनाया जा सकता है। मोदी सरकार शिंदे खेमे को और मजबूत करना चाहता है। मिली जानकारी के मुताबिक, संसद के शीत सत्र से पहले शिंदे खेमे के सांसदों को मोदी सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है।
राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार में भी शिंदे खेमे को बीजेपी ने बराबरी का मौका दिया है। बीजेपी और शिंदे गुट के 9-9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। शिंदे खेमे के पास 50 विधायकों का समर्थन है, जिनमें शिवसेना के 40 बागी विधायक हैं और 10 निर्दलीय और छोटी पार्टी के विधायक हैं। वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी के 105 विधायक हैं। बीजेपी के इस फैसले से ये माना जा रहा है कि लक्ष्य एक ही है- ‘एक धक्का और दो, मुंबई महानगरपालिका के चुनाव में उद्धव की शिवसेना को तोड़ दो।
बता दें कि शिवसेना के 18 लोकसभा सांसदों में से 12 सांसद शिंदे खेमे में शामिल हो गए है। ऐसे में यह खबर है कि शिंदे गुट से एक सांसद का कैबिनेट मंत्री बनना लगभग तय है। इसके अलावा एक और सांसद को राज्यमंत्री का पद दिया जा सकता है। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे गुट में शामिल 12 सांसदों में भावना गवली, राहुल शेवाले, श्रीरंग बारणे, श्रीकांत शिंदे, प्रतापराव जाधव, कृपाल तुमाने, हेमंत पाटील, हेमंत गोडसे, राजेंद्र गावित, धैर्यशील माने, संजय मंडलिक और सदाशिव लोखंडे का समावेश है।