मुंबई

प्री-मानसून की पहली मार! पुणे में बारिश के साथ गिरे ओले, जालना में बिजली गिरने से 2 की मौत, आज भी ऑरेंज अलर्ट

Maharashtra Rain: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश ने एक बार फिर तबाही मचा दी है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गारपीट की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
3 min read
Mar 31, 2026
heavy rainfall alert Maharashtra
मौसम विभाग ने आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की (Photo: IANS)

प्री-मानसून (Maharashtra Pre-Monsoon Rain) के दस्तक से महाराष्ट्र में मौसम बदल गया है। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, गरज के साथ आए तूफान और ओलावृष्टि ने जमकर तबाही मचाई है। इस वजह से कई जिलों में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इस अचानक बदले मौसम ने खासतौर पर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी रबी फसलें और आम-अंगूर जैसे फलबागानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

किसानों पर दोहरी मार, फसलों का भारी नुकसान

प्री-मानसून बारिश से महाराष्ट्र के कई जिलों में गहूं, ज्वार और कुसुम (Safflower) जैसी फसलों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है। खेतों में काटकर रखी गई फसलें भीगने से बर्बाद हो रही हैं। नासिक के निफाड और सिन्नर इलाकों में हुई भीषण ओलावृष्टि से आम, अंगूर और अन्य फलों की खेती को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

जालना में बिजली गिरने से दो युवकों की मौत

जालना जिले के अंबड तालुका में दर्दनाक हादसा सामने आया है। महाकाला गांव के पास खेत में नींबू के पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद लहाने (21) और आदित्य बेद्रे (20) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे।

नासिक में दीवार गिरने से छात्र की मौत

नासिक जिले के मालेगांव तालुका के वनपट गांव में तेज बारिश और हवा के कारण दीवार गिर गई, जिसमें 8वीं कक्षा के छात्र यश शिंदे की मौत हो गई। वह पशुओं के शेड के पास खड़ा था, तभी अचानक दीवार उस पर गिर गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

नासिक जिले के निफाड तालुका में जोरदार ओलावृष्टि हुई। शिवडी और उगाव समेत कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण इलाकों में हालात और भी खराब बताए जा रहे हैं।

सातारा और बीड में पशुओं की मौत, लाखों का नुकसान

सातारा जिले के खंडाला और वाई तालुकों में बिजली गिरने से 24 बकरियों की मौत हो गई। वहीं बीड जिले के गेवराई तालुका में बिजली गिरने से दो गायों की मौत हो गई, जिससे किसान को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित जल्द से जल्द पंचनामा कर प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे है।

पुणे में तेज तूफान, 14 जगह पेड़ गिरे

पुणे शहर में दोपहर 3 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश हुई। कम से कम 15 जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। बाणेर, गोखलेनगर, येरवडा, सदाशिव पेठ और सोमवार पेठ जैसे इलाकों में हालात बिगड़ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

वहीं, सतारा शहर और ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के चलते बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे शाम के समय काम से घर लौटने वाले लोगों और बाजार में आए नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आज भी आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें पुणे, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, सातारा, सांगली, सोलापुर, संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड और हिंगोली शामिल हैं, जहां आंधी के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज मुंबई और पालघर में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, लेकिन कोई अलर्ट नहीं है। मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

Updated on:
31 Mar 2026 08:35 am
Published on:
31 Mar 2026 08:24 am