मुंबई

Rain Alert: महाराष्ट्र में बारिश का रेड अलर्ट, कोंकण और घाट क्षेत्रों में अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने कोंकण तट और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
2 min read
Aug 03, 2026
Maharashtra rain alert
बारिश से निकलते वाहन। फोटो- आईएएनएस

मुंबई। मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिनों के लिए पूरे महाराष्ट्र में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कोंकण तट तथा मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों के हिस्सों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है। विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है और मौसम का पूर्वानुमान जारी करने के बाद कुछ जिलों के अधिकारियों ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।

रेड अलर्ट जारी किया गया

मौसम विभाग के अनुसार कोंकण तटीय क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और विदर्भ के हिस्सों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। कोंकण और घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। शेष महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। विदर्भ के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश का मौजूदा दौर अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।

40 से 50 प्रतिशत तक बारिश की कमी

अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र में जून में सामान्य वर्षा की केवल 53 प्रतिशत ही बारिश हुई थी। पूरे देश में इस महीने के दौरान अपनी औसत वर्षा की केवल 40 प्रतिशत बारिश ही दर्ज की गयी है। कुल मिलाकर, राज्य में जून में लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गयी। मौसम विज्ञानियों को उम्मीद है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।

ऐसी प्रणालियां आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून की हवाओं को मजबूत करती हैं, जिससे आने वाले दिनों में पूरे राज्य में व्यापक और तेज बारिश की संभावना बढ़ जाती है। आईएमडी ने स्थानीय लोगों, खासतौर से निचले और भूस्खलन-संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में अलर्ट

वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में सोमवार अपराह्न से अगले 21 घंटों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सोमवार अपराह्न से मंगलवार मध्याह्न तक बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, देहरादून जिला में कुछ जगहों यथा मसूरी, पुरोला रेंज, बाराहाट रेंज, उखीमठ, चोपता, अगस्तमुनि, गोविंद घाट, थराली, बदियाकोट, कपकोट, मुनस्यारी, पंखु, दरमा, गंगोलीहाट, भिकियासैंण, भैसोरा, थपली, मरोड़ा, फल्दाकोट मल्ला तथा आस पास के क्षेत्रो में कुछ जलग्रहण क्षेत्रों एवं उनसे लगे आसपास के स्थानों पर कहीं-कहीं निम्न से मध्यम स्तर के त्वरित बाढ़ का खतरे का अनुमान जताया गया है।

Updated on:
03 Aug 2026 06:47 pm
Published on:
03 Aug 2026 06:47 pm