3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘रामायण’ में शूर्पणखा के किरदार पर रकुल प्रीत ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- क्यों चुना ऐसा रोल

Rakul Preet Singh On Playing Shurpanakha: अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने हाल ही में अपने शूर्पणखा के किरदार को लेकर बात की है। उन्होंने बताया है कि आखिर क्यों उन्होंने इस रोल के लिए हामी भरी।
2 min read
Google source verification
Rakul Preet Singh On Playing Shurpanakha

रकुल प्रीत सिंह ने अपने किरदार पर कही ये बात ( फोटो सोर्स- Instagram/iamnamitmalhotra)

Rakul Preet Singh On Playing Shurpanakha: बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी आने वाली मेगा बजट फिल्म 'रामायण' को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म के ट्रेलर में उनके शूर्पणखा अवतार की झलक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस किरदार को लेकर नई बहस छिड़ गई है। अब खुद रकुल प्रीत सिंह ने बताया है कि आखिर उन्होंने इस भूमिका को निभाने के लिए हां क्यों कहा।

रकुल प्रीत सिंह का कहना है कि शूर्पणखा भारतीय महाकाव्य का ऐसा किरदार है, जिसे अक्सर सिर्फ एक घटना के आधार पर याद किया जाता है, जबकि उसकी कहानी इससे कहीं अधिक मुश्किल और भावनात्मक है। यही वजह थी कि उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।

फैन के सवाल पर अभिनेत्री ने दिया जवाब

हाल ही में एक फैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रकुल प्रीत सिंह के नाम एक ओपन लेटर लिखा। फैन ने अभिनेत्री की तारीफ करते हुए पूछा कि आखिर ऐसा क्या था जिसने उन्हें शूर्पणखा जैसा विवादित और गलत समझे जाने वाला किरदार निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस सवाल का जवाब देते हुए रकुल ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा इस किरदार की गहराई और जटिलता ने आकर्षित किया। उनके मुताबिक इतिहास ने शूर्पणखा को अक्सर केवल एक प्रसंग तक सीमित कर दिया है, जबकि उसके व्यक्तित्व के कई और पहलू भी हैं। एक कलाकार के तौर पर ऐसे किरदार निभाना ज्यादा रोमांचक होता है, जो लोगों की बनी-बनाई सोच को चुनौती दें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब दर्शक फिल्म देखेंगे तो शूर्पणखा को खुले मन से समझने की कोशिश करेंगे।

ट्रेलर के बाद तेज हुई चर्चा

'रामायण पार्ट-1' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के भव्य विजुअल्स, वीएफएक्स और रावण के रूप में यश के लुक की जमकर तारीफ हो रही है। वहीं दूसरी ओर रणबीर कपूर के भगवान राम और साई पल्लवी के माता सीता वाले किरदार को लेकर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए हैं।

हालांकि इन प्रतिक्रियाओं के बीच रकुल प्रीत सिंह के शूर्पणखा वाले लुक ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कई दर्शकों का मानना है कि फिल्म में इस किरदार को पहले से अलग और अधिक गहराई के साथ पेश किया जा सकता है।

दो हिस्सों में रिलीज होगी फिल्म

निर्माताओं ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को दो भागों में रिलीज करने की योजना बनाई है। पहला भाग इस साल दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर इसकी सफलता को लेकर भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

कलाकारों की दमदार स्टारकास्ट

फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा कई बड़े कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे। रकुल प्रीत सिंह का शूर्पणखा वाला किरदार भी फिल्म के सबसे चर्चित किरदारों में शामिल हो चुका है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि जब फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज होगी, तब दर्शक शूर्पणखा के इस नए रूप को किस तरह स्वीकार करते हैं और क्या रकुल प्रीत सिंह अपने अभिनय से इस पौराणिक किरदार को एक नई पहचान दिला पाती हैं।

बड़ी खबरें

View All

मनोरंजन

ट्रेंडिंग