
Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक में 59 वर्षीय सेवानिवृत्त आरटोओ (RTO) अधिकारी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में उनके ही परिवार के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि संपत्ति विवाद को लेकर उनके बेटे, बेटी, बहू और अन्य रिश्तेदार उन्हें लंबे समय से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रहे थे। इतना ही नहीं, अदालत में चल रहे संपत्ति विवाद को वापस लेने के लिए उन्हें और उनकी पत्नी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
मृतक पूर्व अधिकारी का नाम हेमंत गोविंद हेमाडे (59) के रूप में हुई है। वह नासिक के उंटवाड़ी इलाके में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहते थे। शुक्रवार (20 नवंबर) की सुबह उन्होंने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। इस मामले में उनकी पत्नी योगिता हेमाडे की शिकायत पर गंगापुर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक की पहली पत्नी के बेटे यश हेमंत हेमाडे और बेटे के ससुर मल्लिकार्जुन उमडी को गिरफ्तार किया है।
गंगापुर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, हेमंत हेमाडे को उनके परिवार के कुछ सदस्य लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें अदालत में चल रहे संपत्ति विवाद और अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत में एक बेहद गंभीर आरोप लगाया गया है। मृतक को कथित तौर पर धमकी दी गई थी कि अगर वह आगे अदालत में सुनवाई के लिए पेश हुए तो वह उनकी आखिरी तारीख होगी। इतना ही नहीं, उन्हें और उनकी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।
लगातार मिल रही धमकियों और कथित प्रताड़ना के कारण हेमंत हेमाडे मानसिक रूप से टूट चुके थे। शिकायत के मुताबिक, इसी तनाव और परेशानी के बीच उन्होंने यह कदम उठा लिया।
हेमंत हेमाडे की पत्नी योगिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों में मृतक की पहली पत्नी का बेटा यश हेमंत हेमाडे (30), बहू भाग्यश्री यश हेमाडे (28), बेटी प्रियंका खोपकर (32) और यश के ससुर मल्लिकार्जुन उमडी (58) शामिल हैं। पुलिस ने यश और मल्लिकार्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हेमंत हेमाडे के कथित उत्पीड़न का सिलसिला 8 अक्टूबर 2021 से शुरू हुआ था। उनकी पहली पत्नी के निधन के बाद उन्होंने योगिता से दूसरी शादी की थी। आरोप है कि दूसरी शादी के बाद बेटे, बेटी और बहू ने परिवार की संपत्ति से जुड़े अधिकार छोड़ने के लिए हेमंत हेमाडे पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हेमाडे के साथ धोखाधड़ी कर उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया गया था। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद लगातार बढ़ता गया।
बताया जा रहा है कि अपनी संपत्ति वापस पाने के लिए हेमंत हेमाडे ने अदालत में मुकदमा दायर किया था। हालांकि, आरोप है कि इस मुकदमे और अन्य न्यायालयीन मामलों को वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों की ओर से मिल रही धमकियों के कारण हेमाडे और उनकी पत्नी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी। फिलहाल गंगापुर पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।