Maharashtra Vidhan Parishad Election Result 2026: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति ने 17 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि नासिक में शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया। जीत के बाद गोकुल गीते को एकनाथ शिंदे ने मुंबई बुलाया है।

Maharashtra MLC Election Results: महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र की 17 सीटों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। भाजपा नीत सत्तारूढ़ महायुति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 में से 16 सीटों पर कब्जा जमाया है। हालांकि, नासिक में महायुति को बड़ा झटका लगा है, जहां शिवसेना (शिंदे गुट) के आधिकारिक उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने हराकर चौंकाने वाली जीत दर्ज की है।
बता दें कि 18 जून को 17 सीटों के लिए मतदान हुआ था। हालांकि, चुनाव से पहले ही 17 में से 6 सीटों पर महायुति के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। इसके बाद 18 जून को इन 11 सीटों पर मतदान हुआ और आज नतीजे घोषित किए गए।
नासिक विधान परिषद सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। यहां कुल 618 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। मतगणना के दौरान 13 वोट अवैध घोषित किए गए, जिसके बाद 605 वोट वैध माने गए।
वैध मतों के आधार पर जीत के लिए 303 वोटों का कोटा तय किया गया था। निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने 357 वोट हासिल कर पहले ही दौर में जीत का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) के आधिकारिक उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को केवल 248 वोट मिले। वहीं, चुनाव मैदान में मौजूद तीसरे उम्मीदवार प्रसाद हिरे को एक भी वोट नहीं मिला। पहले ही राउंड में जीत का कोटा पार करने के कारण गोकुल गीते की विजय तय हो गई।
भले ही राज्यभर में महायुति ने 17 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा, लेकिन नासिक का परिणाम राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। गोकुल गीते भाजपा के बागी उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे और उन्होंने महायुति के आधिकारिक उम्मीदवार को हराकर सभी को चौंका दिया।
नासिक निर्वाचन क्षेत्र में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब गीते ने दराडे के खिलाफ अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि दराडे ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हालांकि वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद गीते ने अपना चुनाव प्रचार स्थगित कर दिया था, लेकिन नाम वापसी की अंतिम तारीख गुजर जाने के कारण उनका नाम मतपत्र पर बना रहा।
हालांकि भाजपा और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों के बाद गीते ने कहा था कि वह आगे चुनाव प्रचार नहीं करेंगे, लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल अपना व्यक्तिगत प्रचार रोका था, जबकि उनके समर्थक लगातार उनके पक्ष में प्रचार और जनसंपर्क अभियान चलाते रहे।
नासिक में शिवसेना उम्मीदवार को हराने के बाद गोकुल गीते की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने गोकुल गीते को मुंबई बुलाया है।
जानकारी के मुताबिक, गोकुल गीते को सोमवार शाम करीब 4 बजे मुंबई में एकनाथ शिंदे से मुलाकात के लिए बुलाया गया है। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एक ओर जहां महायुति ने राज्यभर में शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं नासिक में हुए इस उलटफेर ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अब सबकी नजर गोकुल गीते और एकनाथ शिंदे की संभावित मुलाकात पर टिकी हैं।