मुंबई

दशहरा से पहले महाराष्ट्र में आंधी-बारिश के आसार, 15 से ज्यादा जिलों पर मंडराया संकट, मौसम विभाग का अलर्ट

IMD Weather Forecast: मौसम विभाग के मुताबिक, 22 अक्टूबर तक मुंबई, ठाणे, पुणे, रायगढ़ और रत्नागिरी समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है।
2 min read
• •
Oct 18, 2026
Maharashtra rain alert
मुंबई, पुणे समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान (Patrika File Photo)

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई केंद्र ने 22 अक्टूबर तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, मुंबई और ठाणे में 18 से 20 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 21 और 22 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।

मुंबई और ठाणे में कब होगी बारिश?

आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई और ठाणे में 18, 19 और 20 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 21 और 22 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

पालघर जिले में 18 से 22 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में मुंबई महानगर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव सीमित रहने की संभावना है, लेकिन सप्ताह के आखिर में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में आंधी-बारिश का अनुमान

कोंकण क्षेत्र के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

रायगढ़ और रत्नागिरी में 18 से 19 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

सिंधुदुर्ग में 18 और 19 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 20 से 22 अक्टूबर के दौरान भी इन तटीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

पुणे समेत पश्चिमी महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम?

पुणे जिले में 18 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। 19 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 20 से 22 अक्टूबर के दौरान भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारों की संभावना है।

पुणे घाट क्षेत्र में 18 से 19 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कोल्हापुर, सतारा और सांगली के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

मराठवाड़ा के कुछ जिलों में भी बारिश की संभावना

मराठवाड़ा के बीड, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, लातूर और धाराशिव जिलों में 18 और 19 अक्टूबर के दौरान बारिश तथा गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इसके बाद इन जिलों के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर और जालना में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश की उम्मीद बेहद कम है।

विदर्भ के जिलों के लिए क्या है IMD का अनुमान?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, विदर्भ के अधिकांश जिलों में 18 से 22 अक्टूबर तक कोई विशेष मौसम चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि, नागपुर और गढ़चिरौली में 19 और 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज के साथ तूफान आने की संभावना जताई गई है। वहीं अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गोंदिया, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में इस अवधि के दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

Updated on:
18 Oct 2026 12:54 pm
Published on:
18 Oct 2026 12:39 pm