मुंबई

Weather Update: मुंबई पर 72 घंटे भारी! पूरे कोंकण में पड़ेगी भीषण गर्मी, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

Mumbai Heatwave Alert : महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Mar 09, 2025

Maharashtra Weather Forecast : मुंबई समेत ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और पालघर के लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। फरवरी के आखिरी हफ्ते में तापमान में अचानक उछाल आने के बाद अब रविवार 9 मार्च से तीन से चार दिनों तक फिर से हीटवेव (Heatwave) की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई समेत कोंकण में 11 मार्च तक हीटवेव की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

15 दिनों में दूसरी बार हीटवेव

महज 15 दिनों में दूसरी बार लू की स्थिति बनने से स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह प्रशासन ने द है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च आमतौर पर मौसम परिवर्तन का महीना होता है, इसलिए इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।

मुंबई में हर साल औसतन 31 दिन लू की स्थिति बनती है। आमतौर पर फरवरी से लेकर अक्टूबर तक तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। फरवरी में हवा की दिशा में बदलाव और महाराष्ट्र में बने विशेष दबाव क्षेत्र के कारण दिन के तापमान में बड़ी बढ़ोतरी हो रही है। गर्मियों के दौरान न केवल तटीय इलाकों में बल्कि पूरे राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है।

क्षेत्रीय मौसम विभाग के प्रमुख सुनील कांबले के अनुसार, रविवार, सोमवार और मंगलवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

आईएमडी के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक केएस होसालिकर के अनुसार, पिछले 60-70 वर्षों के आंकड़ों को देखें तो गर्मी के मौसम में लगातार तापमान बढ़ता ही जा रहा है। साथ ही, लू चलने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।

मुंबई के मौसम पर बड़ी अपडेट  

स्वतंत्र मौसम विज्ञानी अभिजीत मोडक (Abhijit Modak) के मुताबिक, 10 और 12 मार्च के बीच कोंकण क्षेत्र में इस मौसम का दूसरा हीटवेव देखने को मिलेगा। 9 मार्च से तापमान में वृद्धि होगी। मुंबई सहित तटीय क्षेत्रों में 10-11 मार्च को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि कुछ इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है। वहीं, आंतरिक कोकण क्षेत्र में तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि घाट क्षेत्रों में तीव्र गर्मी का अनुभव होने का अनुमान है, जहां तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 

उन्होंने कहा, मुंबई जैसे तटीय क्षेत्रों में तापमान में वृद्धि समुद्री हवा के समय पर निर्भर करती है। अगर समुद्री हवा देरी से आती है, तो इससे तापमान में वृद्धि होती है। 10-12 मार्च के बीच दक्षिण मुंबई में अपेक्षित तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस और पश्चिम/उत्तर-पश्चिम मुंबई उपनगर (बांद्रा से दहिसर) में अपेक्षित तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस है। जबकि, पूर्वी उपनगर (विक्रोली से मुलुंड, ठाणे) के क्षेत्रों में तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।   

स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जब आसमान साफ रहता है तो न्यूनतम तापमान कम हो जाता है और अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ता है। इस समय कोकण क्षेत्र में यही स्थिति बनी हुई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर दोगुने से भी अधिक हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

गर्मी से बचने के लिए लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने, दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक यह गर्मी बनी रह सकती है, ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है। 

Published on:
09 Mar 2025 11:58 am
Also Read
View All

अगली खबर