
महाराष्ट्र में अचानक ठंड बढ़ गई है। राज्य के अधिकांश इलाकों में दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखा जा रहा है। आज जलगांव में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है। नाशिक जिले के निफाड में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। बुधवार को निफाड में तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस था, यानी महज एक दिन में 7.4 डिग्री की बड़ी गिरावट देखी गई।
इससे पहले, 16 दिसंबर 2024 को निफाड में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान था। अचानक ठंड बढ़ने से अंगूर किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। निफाड राज्य का प्रमुख अंगूर उत्पादक क्षेत्र है। इस समय नाशिक जिले में अंगूर की कटाई जोरों पर है। लेकिन किसानों को डर है कि अगर ठंडी कम नहीं हुई तो अंगूरों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा, जिससे उनकी गुणवत्ता और बाजार में उनकी कीमत पर असर पड़ेगा।
शुक्रवार को नाशिक शहर का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार को 10 और बुधवार को 15 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, जेउर में आज न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मुंबई में आज न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीँ, पुणे में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार को 13.5 और बुधवार को 16.9 डिग्री सेल्सियस था। हालांकि, पुणे में दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। आईएमडी के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक केएस होसालिकर ने बताया कि महाराष्ट्र के उत्तर और मध्य भागों में न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण हुई है। इसके अलावा आसमान साफ होने की वजह भी रात में अच्छी ठंडी पड़ रही है। अगले 8-9 दिनों तक महाराष्ट्र के कई जिलों में रात और तड़के सुबह ठंडी रहेगी, लेकिन दोपहर में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले चार सप्ताह महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है। जबकि कोंकण क्षेत्र पहले दो सप्ताह गर्म रहेगा। वहीँ, मार्च के तीसरे सप्ताह तक न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम (कोंकण के कुछ हिस्सों को छोड़कर) रह सकता है।
Published on:
07 Mar 2025 01:00 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
