
IMD Weather Forecast: महाराष्ट्र में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले दो-तीन दिनों तक गर्मी और उमस परेशान कर सकती है। वहीं, 17 और 18 अक्टूबर को मुंबई, ठाणे और रायगढ़ समेत कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चल सकती हैं। मराठवाड़ा के कुछ जिलों में भी अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मुंबई में 14 और 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर लू जैसी गर्म परिस्थितियां रहने का अनुमान है। 16 अक्टूबर को गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। इसके बाद 17 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 18 अक्टूबर को भी बारिश और गरज-चमक का अनुमान जताया गया है।
ठाणे में 14 से 16 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। 17 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
पालघर में 14 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरी परिस्थितियां रह सकती हैं, जबकि 16 से 18 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
रायगढ़ में 14 और 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर लू जैसी परिस्थितियां रह सकती हैं। 16 अक्टूबर को गर्म और उमस भरा मौसम रहने के साथ दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 17 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 18 अक्टूबर को भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
रत्नागिरी में 14 और 15 अक्टूबर को गर्मी का असर रह सकता है। 16 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। 17 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। सिंधुदुर्ग में भी अगले कुछ दिनों के दौरान गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
पुणे में 14 और 15 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 16 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कोल्हापुर, सतारा और सांगली में भी आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। कोल्हापुर में 14 अक्टूबर को मौसम शुष्क रह सकता है, जबकि बाद के दिनों में आंधी-बारिश की संभावना है। सांगली में 14 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने के बाद 15 अक्टूबर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। छत्रपति संभाजीनगर में 18 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जालना में 14 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि इसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
परभणी में 17 और 18 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं। बीड में 14 अक्टूबर और फिर 17 से 18 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है। हिंगोली में 17 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि 18 अक्टूबर को बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
नांदेड़, लातूर और धाराशिव में भी आने वाले दिनों में कुछ स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में 14 से 17 अक्टूबर तक कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हालांकि, 18 अक्टूबर को चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल के कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।