मुंबई

महाराष्ट्र में मानसून पर लगा ब्रेक! IMD ने कहा- अगले 5 दिन आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं

Maharashtra Mumbai Monsoon Update: केरल में दस्तक देने के ठीक दो दिन बाद 6 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी और कोल्हापुर के कुछ हिस्सों में प्रवेश किया था। लेकिन इसके बाद मानसून अचानक कमजोर पड़ गया है।
2 min read
Jun 15, 2026
Monsoon in Chhattisgarh latest news
मानसून लेट फिर भी बारिश के संकेत (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Maharashtra Weather Update: मानसून के इंतजार के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। एक ओर विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं दूसरी ओर मुंबई, ठाणे और पालघर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है और अगले पांच दिनों तक इसके आगे बढ़ने की संभावना नहीं है।

महाराष्ट्र में थमा मानसून, अगले 5 दिन नहीं होगी प्रगति

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 6 जून को महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में पहुंचा था। मानसून ने सिंधुदुर्ग समेत रत्नागिरी और कोल्हापुर के कुछ इलाकों में दस्तक दी थी। हालांकि इसके बाद मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी धाराएं कमजोर पड़ने के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून आगे नहीं बढ़ पा रहा है। यही वजह है कि मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में मानसून की एंट्री अभी भी अटकी हुई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने इस सप्ताह विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यवतमाल, नागपुर, गोंदिया और गढ़चिरौली में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पुणे, सातारा, सांगली, धाराशिव, नांदेड़, लातूर और बीड समेत कई जिलों में भी मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया गया है।

आईएमडी अधिकारियों के अनुसार, मानसून भले ही कमजोर पड़ा हो, लेकिन पहले हुई इसकी प्रगति के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। साथ ही पश्चिमी हवाओं और पश्चिम बंगाल-झारखंड क्षेत्र में बने ट्रफ की वजह से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

बारिश के साथ हीटवेव का भी खतरा

दिलचस्प बात यह है कि जिन क्षेत्रों में बारिश की संभावना है, वहीं कुछ जिलों में गर्मी भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने अकोला, अमरावती और यवतमाल जैसे जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की आशंका जताई है।

मुंबई में मानसून की एंट्री में देरी, बढ़ेगा पारा और उमस

मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए फिलहाल राहत की कोई खबर नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में बुधवार तक उमस भरी गर्मी और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन उसके बाद मौसम पूरी तरह शुष्क रह सकता है।

आमतौर पर मुंबई में मानसून 11 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार 10 दिनों की देरी होने की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं, इस साल प्री-मानसून बारिश भी बेहद कम हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में अब तक मुंबई के सांताक्रूज मौसम केंद्र में केवल 13 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कोलाबा मौसम केंद्र में महज 4.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

कब मिलेगी राहत?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मानसून की प्रगति की संभावना बेहद कम है। ऐसे में मुंबई और आसपास के इलाकों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है। हालांकि राज्य के आंतरिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। पांच दिन के बाद मानसून सक्रीय होगा और मुंबई सहित राज्य के कई हिस्सों में अगले हफ्ते सीजन की पहली भारी बारिश हो सकती है।  

Updated on:
15 Jun 2026 04:41 pm
Published on:
15 Jun 2026 04:41 pm