मुंबई

महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, वीकेंड पर मूसलाधार बारिश का अनुमान, 11 जिलों में अलर्ट

Maharashtra Rain Alert Today: महाराष्ट्र में 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ में तेज बारिश, गरज-चमक और हवाओं का अनुमान है, जबकि मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र में भी बारिश की संभावना है।
4 min read
Sep 11, 2026
rain alert Maharashtra
मौसम विभाग ने आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की (Photo: IANS)

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आज (11 सितंबर) को महाराष्ट्र के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आंधी-तूफान का भी खतरा मंडरा रहा है।

अगस्त महीने में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई। सितंबर का पहला सप्ताह भी बीत चुका है, लेकिन अधिकांश इलाकों में अब भी अच्छी बारिश नहीं हुई है। ऐसे में मौसम विभाग के ताजा अनुमान से किसानों और आम लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

कोकण में आज अलर्ट नहीं, कल से बदल सकता है मौसम

कोकण के कुछ इलाकों में फिलहाल हल्की बारिश की फुहारें देखने को मिल रही हैं। हालांकि, 11 सितंबर को कोकण के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन शनिवार से मौसम में बदलाव की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में येलो अलर्ट की स्थिति बन सकती है। इससे बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में कैसा रहेगा मौसम?

मुंबई में आज हल्की बारिश का अनुमान है। इसके बाद कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 13 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।

पालघर में भी आज हल्की बारिश का अनुमान है। आगे कुछ स्थानों पर गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है।

ठाणे में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

रायगढ़ और रत्नागिरी में भी बारिश का दौर

रायगढ़ में हल्की बारिश के बाद कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीँ, रत्नागिरी में 12 सितंबर को मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। सिंधुदुर्ग में 11 सितंबर को हल्की बारिश और आगे हल्की से मध्यम तथा मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।

उत्तर महाराष्ट्र में तेज बारिश के संकेत

उत्तर महाराष्ट्र के कुछ जिलों में आने वाले दिनों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। धुले और नंदुरबार में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

जलगांव में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है। नासिक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।

नासिक घाट क्षेत्र में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

पुणे और पश्चिमी महाराष्ट्र में भी बारिश

पुणे में 11 सितंबर को हल्की बारिश और इसके बाद कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पुणे के घाट क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। 12 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

कोल्हापुर, सातारा और सांगली में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। सातारा के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है।

मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ बारिश

छत्रपति संभाजीनगर और जालना में 12 और 13 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान है। इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड, लातूर और धाराशिव में भी आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश के आसार हैं।

विदर्भ में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

विदर्भ के कई जिलों में 11 से 13 सितंबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। अमरावती, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, वर्धा, वाशिम और यवतमाल समेत कुछ जिलों में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

कुल मिलाकर महाराष्ट्र में अब मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों और किसानों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है। आज 11 जिलों में येलो अलर्ट के साथ बारिश का अनुमान है, जबकि वीकेंड से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का जोर बढ़ जाएगा।

Updated on:
11 Sept 2026 10:34 am
Published on:
11 Sept 2026 09:57 am