9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rain Alert: गणपति आगमन पर तेज बारिश का साया! बन रहा कम दबाव का क्षेत्र, इस दिन से बरसेंगे बदरा

Maharashtra Rain Alert September: महाराष्ट्र में गणेशोत्सव के दौरान बारिश का साया मंडरा रहा है। 12 से 15 सितंबर के बीच पुणे समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि 17 सितंबर के बाद बारिश बढ़ने की संभावना जताई गई है।
3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Sep 09, 2026

Maharashtra Rain Forecast for Ganeshotsav 2026

महाराष्ट्र में झमाझम बारिश के संकेत, मौसम विभाग का बड़ा अपडेट (File Photo/Patrika)

Ganeshotsav Weather Update: महाराष्ट्र में अगले सप्ताह घर-घर और सार्वजनिक गणेश मंडलों में ढोल-ताशों के साथ भगवान गणेश का स्वागत किया जाएगा। हालांकि, इस साल गणेशोत्सव पर बारिश का साया मंडराता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों ने 12 से 15 सितंबर के बीच पुणे समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद राज्य भर में बारिश का जोर बढ़ने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगस्त में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में औसत से कम बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने अल नीनो के प्रभाव के चलते सितंबर में भी सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताया था। हालांकि, अब बंगाल की खाड़ी में 11 सितंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम संबंधी मॉडलों के अनुसार यह सिस्टम पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से महाराष्ट्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

12 से 15 सितंबर के बीच बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग की पुणे वेधशाला के मौसम वैज्ञानिक एस. डी. सानप ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र का असर महाराष्ट्र के बारिश के पैटर्न पर पड़ सकता है। मौजूदा अनुमान के अनुसार 12 से 15 सितंबर के बीच पुणे समेत राज्य में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश की स्थिति का अधिक स्पष्ट अनुमान 10 सितंबर तक सामने आने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञ अनुपम कश्यपी के अनुसार, गणेशोत्सव के दौरान कई जगहों पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, गरज और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है। उत्सव के उत्तरार्ध में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

13 से 16 सितंबर के बीच कोंकण और विदर्भ में ज्यादा असर

मध्यम अवधि के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 16 सितंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। कोंकण और विदर्भ में अन्य क्षेत्रों की तुलना में बारिश का दायरा अधिक व्यापक रहने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

वहीं, 17 सितंबर के बाद महाराष्ट्र में बारिश का जोर बढ़ सकता है और करीब एक सप्ताह तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

महाराष्ट्र में अब तक 16 फीसदी कम बारिश

भारतीय मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 8 सितंबर के बीच महाराष्ट्र में सामान्य तौर पर 872 मिलीमीटर बारिश होती है। इस साल इसी अवधि में राज्य में 16 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। अब तक राज्य में 736.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।

हालांकि, पुणे जिले की स्थिति राज्य के औसत से अलग है। पुणे जिले में 1 जून से 8 सितंबर के बीच सामान्य बारिश करीब 806 मिलीमीटर रहती है, जबकि इस साल अब तक 1,014.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी पुणे जिले में सामान्य से करीब 26 फीसदी अधिक बारिश हुई है।

बारिश की अनियमितता से खेती प्रभावित, विशेष पैकेज की मांग

इस बीच, बारिश के असमान वितरण और कई इलाकों में बारिश के लंबे अंतराल को लेकर खेती पर भी चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता और पूर्व विधायक धीरज देशमुख ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए ‘विशेष सूखा राहत पैकेज’ घोषित करने की मांग की है।

देशमुख ने अपने पत्र में कहा है कि मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र की वर्षा आधारित खेती को बारिश की अनियमितता का नुकसान हुआ है। बारिश की कमी के कारण कई इलाकों में मिट्टी की नमी कम हो गई है। कुछ स्थानों पर बुवाई प्रभावित हुई है, जबकि खड़ी फसलें भी संकट में हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक मुश्किलें बढ़ गई हैं।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग