
मुंबई के पास रायगढ़ जिले में स्थित लोकप्रिय हिल स्टेशन माथेरान और नेरल कस्बे के बीच संचालित होने वाली लोकप्रिय नैरो गेज ट्रेन सेवा सोमवार 15 जून से 15 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मानसून के चलते एहतियाती उपाय के तौर पर नेरल और माथेरान के बीच रेल सेवाएं आम तौर पर जून से अक्टूबर तक स्थगित रहती हैं, हालांकि हिल स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास अमन लॉज और माथेरान के बीच शटल सेवाएं जारी रहेंगी।
मुंबई के करीब इस मशहूर हिल स्टेशन माथेरान में मानसून के दौरान भारी बारिश होती है और बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। चूंकि इस क्षेत्र में मानसून के दौरान भूस्खलन, पटरियों को नुकसान और तटबंधों के बह जाने की घटनाएं होती हैं, इसलिए रेलवे एहतियात के तौर पर 21 किलोमीटर लंबी इस छोटी लाइन को बारिश के सीजन में बंद ही रखती है।
मध्य रेलवे ने बताया कि नेरल-माथेरान मिनी ट्रेन सेवाएं 15 अक्टूबर के बाद फिर से शुरू होंगी। तब तक सोमवार से शुक्रवार तक माथेरान और अमन लॉज के बीच दोनों दिशाओं में छह शटल सेवाएं संचालित होंगी, तथा शनिवार और रविवार को आठ सेवाएं संचालित होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमन लॉज-माथेरान लाइन पर चलने वाली ट्रेन में कुल छह डिब्बे होंगे। इसमें तीन सेकेंड क्लास कोच, एक फर्स्ट क्लास कोच और दो एसएलआर/एलआर (गार्ड एवं लगेज) कोच शामिल रहेंगे।
अमन लॉज से ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8:45 बजे, सुबह 9:35 बजे, दोपहर 12:00 बजे, दोपहर 2:25 बजे, दोपहर 3:40 बजे और शाम 5:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन क्रमशः माथेरान सुबह 9:03 बजे, सुबह 9:53 बजे, दोपहर 12:18 बजे, दोपहर 2:43 बजे, दोपहर 3:58 बजे और शाम 6:03 बजे पहुंचेगी।
वहीं, माथेरान से ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8:20 बजे, सुबह 9:10 बजे, सुबह 11:35 बजे, दोपहर 2:00 बजे, दोपहर 3:15 बजे और शाम 5:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन क्रमशः अमन लॉज सुबह 8:38 बजे, सुबह 9:28 बजे, सुबह 11:53 बजे, दोपहर 2:18 बजे, दोपहर 3:33 बजे और शाम 5:38 बजे पहुंचेगी।
रोज चलने वाली ट्रेनों के साथ ही शनिवार और रविवार को विशेष टॉय ट्रेन माथेरान से सुबह 10:05 बजे और दोपहर 1:10 बजे अमन लॉज के लिए रवाना होगी। वहीं, अमन लॉज से विशेष ट्रेन सुबह 10:30 बजे और दोपहर 1:35 बजे माथेरान के लिए चलेगी।