
Mumbai Couple Assault Case: मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के करीब एक सार्वजनिक पार्क में युवक और युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाबालिगों के एक समूह ने दोनों को घेरकर डंडों, लात और घूंसों से जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, इस घटना पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे मुंबई के खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है।
सोमैया ने कहा, शुक्रवार दोपहर 4 बजे के करीब यह घटना तब हुई, जब युवक और युवकी प्रमोद महाजन गार्डन घुमने गए थे, जहां 10 मुस्लिम लड़कों ने कथित तौर पर डंडों से उन पर हमला किया, उन्हें धमकाया और कहा कि 'हमारे इलाके में आने की तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई... तुम ऐसे कपड़े कैसे पहन सकती हो?' उन्होंने युवती के साथ छेड़छाड़ भी की।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना कुर्ला पश्चिम में फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में हुई। वायरल वीडियो में करीब 10-15 साल की उम्र के कुछ बच्चों समेत नाबालिगों का समूह युवक और युवती को घेरकर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। एक चश्मदीद महिला ने दावा किया कि कपल से आरोपी लड़कों ने पैसों की भी मांग की थी।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नाबालिगों का समूह युवक और युवती को घेरकर उन पर डंडों से हमला कर रहा है। इस दौरान दोनों को लात और घूंसों से भी पीटा गया। आरोप है कि जब युवक और युवती ने वहां से भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनका पीछा भी किया।
घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने वीडियो की जांच कर आरोपियों की पहचान की और आठ नाबालिगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए आठों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस घटना पर बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई को मुस्लिम शहर बनाने की साजिश चल रही है। सोमैया के मुताबिक, 22 वर्षीय युवक और उसकी 21 वर्षीय गर्लफ्रेंड प्रमोद महाजन गार्डन में गए थे। वहां करीब 10 मुस्लिम युवकों ने कथित तौर पर उन पर डंडों से हमला किया, धमकाया और उनके पहनावे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
सोमैया ने दावा किया कि हमलावरों ने कथित तौर पर युवक-युवती से कहा कि वे उनके इलाके में आने और इस तरह के कपड़े पहनने की हिम्मत कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है और इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि नाबालिग आरोपियों के माता-पिता के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोमैया ने इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई में इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।