21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / Mumbai Crime: पार्क में कपल के साथ ऐसी हरकत, विरोध किया तो चप्पल-डंडों से पीटा; 8 नाबालिग हिरासत में

Mumbai Crime: पार्क में कपल के साथ ऐसी हरकत, विरोध किया तो चप्पल-डंडों से पीटा; 8 नाबालिग हिरासत में

Mumbai Couple Assault: मुंबई के कुर्ला स्थित एक पार्क में फोटो खींच रहे कपल के साथ 8 से 10 लड़कों ने बदसलूकी और मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 21 Nov 2026, 10:51 AM IST

Mumbai Viral Video

मुंबई के कुर्ला स्थित पार्क में कपल के साथ मारपीट का मामला, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। (फोटो सोर्स-@Summit_Cr)

Mumbai Viral Video: मुंबई के एक पार्क में फोटो खींच रहे युवक-युवती के साथ कुछ लड़कों ने बदसलूकी की। दोनों ने विरोध किया तो लड़कों ने उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान युवक पर चप्पल और युवती के सिर पर डंडे से वार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

यह मामला 20 नवंबर को कुर्ला पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन उद्यान का है। यह पार्क फीनिक्स मार्केटसिटी मॉल के पास है। जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती पार्क में फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान 8 से 10 लड़कों का एक समूह वहां पहुंचा और दोनों पर अश्लील टिप्पणियां करने लगा। लड़कों की इस हरकत से परेशान होकर कपल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे पीछे हटने के बजाय और बदसलूकी करने लगे।

युवती के सिर पर डंडे से किया वार

विरोध करने पर लड़कों ने युवक-युवती को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक लड़का युवक को चप्पल से मारता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे के हाथ में लकड़ी का डंडा दिखाई देता है। इसी दौरान युवती के सिर पर भी डंडे से वार किया जाता है। युवक को लात-घूंसों से भी पीटा जाता है। दोनों के विरोध के बावजूद लड़कों का समूह उनके साथ मारपीट करता रहा।

पार्क में मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया और तेजी से फैलने लगा। इसके बाद सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

आठ नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा

पीड़ितों की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पार्क जैसी सार्वजनिक जगह पर हुई इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। लोग यहां परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने आते हैं। ऐसे में किसी कपल को घेरकर उसके साथ बदसलूकी और मारपीट करना गंभीर चिंता का विषय है। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की हरकतों को रोकने के लिए सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं।