21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / नासिक में बड़े होटल-कैफे पर FDA की छापेमारी, जांच में गंभीर खामियां मिलीं; 4 होटलों के लाइसेंस निलंबित

नासिक में बड़े होटल-कैफे पर FDA की छापेमारी, जांच में गंभीर खामियां मिलीं; 4 होटलों के लाइसेंस निलंबित

Nashik FDA Action: नासिक में FDA की छापेमारी के दौरान कई होटल और कैफे में गंदगी, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई। कार्रवाई करते हुए 4 होटलों के लाइसेंस और एक कैफे का रजिस्ट्रेशन निलंबित किया गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 21 Nov 2026, 5:24 PM IST

Nashik FDA Action

नासिक में बड़े होटल-कैफे पर FDA की छापेमारी, फोटो सोर्स- ANI

Nashik Food Safety: महाराष्ट्र के नासिक में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने होटल और कैफे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन सामने आया। इसके बाद FDA ने चार होटलों के खाद्य सुरक्षा लाइसेंस और एक कैफे का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित कर दिया।

नासिक अपनी मशहूर मिसल के लिए देशभर में जाना जाता है। यहां आने वाले लोग नासिक मिसल का स्वाद जरूर चखना पसंद करते हैं। हालांकि, FDA की कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उन्हें तैयार करने के दौरान बरती जा रही स्वच्छता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

19 नवंबर को होटल और कैफे की जांच

FDA की टीम ने 19 नवंबर को नासिक शहर के अलग-अलग होटल और कैफे का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे, सह आयुक्त मंगेश माने और सहायक आयुक्त (खाद्य) विनोद धवड व ज्ञानेश्वर महाले के मार्गदर्शन में की गई। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में Food Safety and Standards Rules, 2011 के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद 20 नवंबर को संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

होटल तुषार मिसल में मिले एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ

कॉलेज रोड स्थित होटल तुषार मिसल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित किया गया। जांच के दौरान यहां अस्वच्छ स्थिति, खाद्य पदार्थों को रखने के लिए पर्याप्त जगह का अभाव और मियाद खत्म हो चुके खाद्य पदार्थ पाए गए। मिसल जैसे लोकप्रिय खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठान में एक्सपायर्ड सामग्री और गंदगी मिलने से ग्राहकों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

होटल विहार में कीड़े-मकौड़ों का प्रकोप

पुराना गंगापुर नाका स्थित होटल विहार में भी साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। यहां खाना तैयार करने वाली जगह पर कीड़े और अन्य उपद्रवी जीवों का प्रकोप पाया गया। सातपुर MIDC स्थित होटल श्यामसुंदर में कच्चे खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ तरीके से रखने के साथ रसोई की संरचना और निर्माण से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया।

होटल महाराजा काठियावाड़ी में मिली चौंकाने वाली गंदगी

पंचवटी के आडगांव फाटा इलाके में स्थित होटल महाराजा काठियावाड़ी में भी कई गंभीर कमियां सामने आईं। जांच के दौरान स्टोर रूम में चूहे की बीट, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और धूल व कीड़ों को रोकने के लिए जरूरी व्यवस्था का अभाव पाया गया। इन खामियों के चलते होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

दुर्गा कैफे का रजिस्ट्रेशन भी निलंबित

कृषीनगर, कॉलेज रोड स्थित दुर्गा कैफे का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित किया गया है। यहां भी अस्वच्छता के अलावा ग्राहकों को दिए जाने वाले बिलों पर FSSAI नंबर नहीं होने की बात सामने आई। इसके अलावा मेन्यू कार्ड और डिस्प्ले पर खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले माध्यम का उल्लेख भी नहीं किया गया था।

FDA ने कहा- जांच अभियान जारी रहेगा

FDA की इस कार्रवाई को अन्न सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्विनी पाटील, ऋतुजा नवले, प्रतीक भड, किशोर चांदगुड़े और संकेत येलमामे शामिल थे।