मुंबई

MSRTC का मेगा प्लान: 200 लग्जरी AC स्लीपर बसें उतारने की तैयारी, मुंबई, पुणे और नागपुर रूट पर बदलेगा सफर का अनुभव

Maharashtra ST Bus: एमएसआरटीसी (MSRTC) अपने बड़े में करीब 200 नई एसी लग्जरी और स्लीपर बसें शामिल करने की तैयारी में है। अगर यह प्लान लागू होता है, तो लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को जल्द ही प्रीमियम लग्जरी यात्रा के नए विकल्प मिल सकते हैं।
2 min read
Sep 21, 2026
MSRTC Sleeper AC Bus
निजी ऑपरेटरों को टक्कर देने के लिए बेड़े में शामिल होंगी 200 एसी लग्जरी स्लीपर बसें (AI Image)

MSRTC Luxury Bus: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर और प्रीमियम यात्रा सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। निगम करीब 200 लग्जरी बसों को अपने बेड़े में शामिल करने की योजना पर काम कर रहा है। इनमें AC स्लीपर और लग्जरी बसें शामिल होंगी। इस कदम के जरिए MSRTC लंबी दूरी के रूट पर निजी लग्जरी बस ऑपरेटरों को टक्कर देने की तैयारी में है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य राज्य परिवहन की बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक तकनीक से लैस सेवाएं प्रदान करना है।

इन रूटों पर शुरू होंगी नई सेवाएं

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नागपुर विभाग ने नए एसी स्लीपर बेड़े के लिए नागपुर-मुंबई और नागपुर-पुणे कॉरिडोर का प्रस्ताव भेजा है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों मार्गों पर यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी के लिए मुंबई स्थित मुख्यालय भेज दिया गया है, जहां से वित्तीय और परिचालन आवश्यकताओं का मूल्यांकन करने के बाद नागपुर विभाग को आबंटित की जाने वाली बसों की अंतिम संख्या तय की जाएगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए निजी एजेंसी की एंट्री

एमएसआरटीसी निजी ट्रैवल एजेंसियों की ओर रुख करने वाले यात्रियों को वापस आकर्षित करने के लिए उन्नत सस्पेंशन और बेहतर सुरक्षा सुविधाओं वाली वोल्वो (Volvo) बसों का बड़े पैमाने पर अधिग्रहण करेगा। इसके अलावा, एक बड़ा बदलाव करते हुए यात्रियों की सेवा और स्वच्छता के लिए एक निजी एजेंसी को नियुक्त किया जाएगा। हालांकि, बसों के चालक एमएसआरटीसी के ही कर्मचारी रहेंगे। यह मॉडल निगम की 'शिवाई' इलेक्ट्रिक बसों की तर्ज पर काम करेगा।

लंबी यात्रा के लिए विशेष 45-सीटर व स्लीपर विकल्प

250 किलोमीटर से अधिक या 5 से 6 घंटे से ज्यादा के सफर के लिए एमएसआरटीसी प्रीमियम 45-सीटर लग्जरी बसें चलाएगा। वहीं, रातभर की लंबी यात्राओं के लिए 30-बर्थ और 45-बर्थ वाली स्लीपर बसें पेश करने की योजना है। अंतिम रूट प्लान यात्रियों की मांग, दूरी, यात्रा के समय और वित्तीय व्यवहार्यता के आधार पर तैयार किया जाएगा।

Updated on:
21 Sept 2026 05:21 pm
Published on:
21 Sept 2026 05:18 pm
Also Read
View All