मुंबई

मुंबई लोकल यात्रियों को अभी करना होगा इंतजार! 238 नई AC लोकल ट्रेनों की टेंडर प्रक्रिया फिर टली

Mumbai AC Local Train Update: मुंबई के लोकल ट्रेन यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस नई एसी लोकल के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। रेलवे मंत्रालय की महत्वाकांक्षी 238 एसी लोकल ट्रेन परियोजना की टेंडर प्रक्रिया फिर आगे बढ़ा दी गई है।
2 min read
May 24, 2026
Mumbai AC Local Train update
मुंबई एसी लोकल ट्रेन (Photo: Western Railway/File)

मुंबई और उसके उपनगरों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए लोकल ट्रेन सिर्फ एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि जिंदगी की रफ्तार है। रोजाना नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और जरूरी कामों के लिए लोग इसी ‘मुंबई की लाइफलाइन’ पर निर्भर रहते हैं। पिछले कई दशकों से मुंबई लोकल शहर की धड़कन बनकर लगातार दौड़ रही है। यही वजह है कि यात्रियों के सफर को ज्यादा आरामदायक, तेज और आधुनिक बनाने के लिए रेलवे लगातार नए कदम उठा रहा है। इसी दिशा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मुंबई लोकल नेटवर्क में 238 नई अत्याधुनिक एसी लोकल ट्रेनें शामिल की जानी हैं। इन ट्रेनों में हाई स्पीड, आधुनिक वेंटिलेशन, बेहतर सीटिंग और स्मार्ट सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

हालांकि, मुंबई के लाखों रेल यात्रियों को इन नई एसी लोकल ट्रेनों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि इस बड़े प्रोजेक्ट की निविदा प्रक्रिया एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई है। ताजा जानकारी के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल इस योजना पर पिछले दो वर्षों से काम चल रहा है, लेकिन अब तक निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे मुंबई के मध्य, पश्चिम और हार्बर रेलवे मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों का एसी लोकल का इंतजार बढ़ गया है।

20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की है परियोजना

जानकारी के अनुसार, मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (MUTP) 3 और MUTP 3A के तहत कुल 238 वातानुकूलित लोकल ट्रेनों का निर्माण किया जाना है। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

इनमें से 47 एसी लोकल ट्रेनें MUTP-3 के अंतर्गत बनाई जाएंगी, जबकि 191 ट्रेनें MUTP-3A परियोजना के तहत तैयार होंगी। रेलवे का उद्देश्य मुंबई लोकल नेटवर्क को अधिक आधुनिक, आरामदायक और हाई-स्पीड बनाना है।

फिर बढ़ी टेंडर प्रक्रिया की तारीख

पहले इस परियोजना की ऑनलाइन बोली प्रक्रिया 18 मई से शुरू होने वाली थी। लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 19 जुलाई कर दिया गया है।

इसके अलावा बोली जमा करने, दस्तावेज प्रस्तुत करने और ई-टेंडर खोलने की अंतिम प्रक्रिया भी अब 2 जून के बजाय 3 अगस्त को पूरी होगी। लगातार बढ़ रही देरी के कारण यात्रियों को नई एसी लोकल के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।

130 km की रफ्तार, इन खास सुविधाओं से लैस

नई एसी लोकल ट्रेनों की सबसे खास बात उनकी हाई स्पीड और आधुनिक तकनीक होगी। इन ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी। साथ ही मुंबई लोकल में होने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए इनमें कई स्मार्ट सुविधाएं दी जाएंगी। ट्रेनों में ऑटोमैटिक एसी कंट्रोल सिस्टम, अत्याधुनिक वेंटिलेशन और यात्रियों की संख्या के अनुसार हवा नियंत्रित करने वाली तकनीक लगाई जाएगी। साथ ही इसमें बेहतर एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम भी होगा।

नई लोकल ट्रेनों के डिब्बों के बीच इंटर-कनेक्टिविटी होगी, जिससे भीड़ का दबाव अलग-अलग डिब्बों में आसानी से बंट सकेगा। इसके अलावा गद्देदार सीटें, दिव्यांग और व्हीलचेयर उपयोग करने वाले यात्रियों के लिए विशेष स्थान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन आधुनिक एसी लोकल ट्रेनों के शुरू होने के बाद मुंबई के लाखों यात्रियों का सफर पहले के मुकाबले अधिक आरामदायक और तेज हो जाएगा।

Updated on:
24 May 2026 04:43 pm
Published on:
24 May 2026 04:43 pm