मुंबई

मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट नहीं होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें! CM फडणवीस ने केंद्र को लिखा पत्र

Mumbai Airport: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई से 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों की उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना का विरोध किया। उन्होंने टर्मिनल-1 के पुनर्विकास का वैकल्पिक प्रस्ताव दिया है।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 7:03 PM IST
Navi Mumbai Airport Flight Shift
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Photo: IANS)

Mumbai Airport News: मुंबई एयरपोर्ट से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आपत्ति जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि मुंबई से कोई भी उड़ान दूसरे एयरपोर्ट पर शिफ्ट नहीं की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने केंद्र को पत्र लिखकर मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 (T1) के पुनर्विकास का वैकल्पिक प्रस्ताव भी दिया है। इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और एयरलाइंस को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने अगले साल गर्मियों से मुंबई को 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों से जोड़ने वाली उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा है कि मुंबई से कोई भी उड़ान बाहर नहीं जाएगी। इस मुद्दे पर उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए एक वैकल्पिक योजना सुझाई है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान मौजूदा टर्मिनल को पूरी तरह बंद करने की जरूरत न पड़े।

फडणवीस बोले- बिना बंद किए बनाए नया टर्मिनल

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुझाव दिया है कि मुंबई एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 का पुनर्विकास चरणबद्ध तरीके से किया जाए। उनके प्रस्ताव के मुताबिक, पहले टर्मिनल-1B का निर्माण किया जाना चाहिए। इसके बाद टर्मिनल-1A की उड़ानों और संचालन को 1B में स्थानांतरित किया जाए। जब यह प्रक्रिया पूरी हो जाए, तब मौजूदा टर्मिनल-1A को गिराकर उसकी जगह नया टर्मिनल बनाया जाए।

फडणवीस का मानना है कि इस तरीके से पुराने टर्मिनल को पूरी तरह बंद किए बिना निर्माण कार्य किया जा सकता है। इससे मुंबई एयरपोर्ट की मौजूदा परिचालन क्षमता बनाए रखने में मदद मिलेगी और उड़ानों को नवी मुंबई शिफ्ट करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

बता दें कि मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों को शिफ्ट करने का मुद्दा पिछले कुछ समय से विवादों में है। पिछले सप्ताह अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को बताया था कि अगले साल गर्मियों के शेड्यूल से मुंबई को 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ने वाली उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना है। यह बदलाव समर 2027 शेड्यूल से लागू करने का प्रस्ताव है, जो मार्च के अंत से शुरू होगा।

इससे पहले MIAL ने एयरलाइंस को जानकारी दी थी कि टर्मिनल-1 के पहले चरण के पुनर्विकास के कारण टर्मिनल-2 पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन लगभग एक तिहाई कम करना पड़ सकता है।

2030 तक नया T1 बनने की उम्मीद

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को लेकर पुनर्विकास की योजना भी काफी अहम है। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, मार्च 2028 तक टर्मिनल-1 को ध्वस्त करने की योजना है। इसके बाद नए टर्मिनल का निर्माण शुरू होगा। नए टर्मिनल-1 के दिसंबर 2030 तक तैयार होने की उम्मीद है।

हालांकि, एयरलाइंस ने भी उड़ानों को शिफ्ट करने की इस योजना का विरोध किया है। MIAL ने एयरलाइंस को बताया है कि समर 2027 के लिए उनकी ओर से मांगे गए स्लॉट उपलब्ध कराना संभव नहीं होगा और टर्मिनल-2 से कुछ समय के लिए संचालन में बदलाव करना जरूरी होगा।

मुंबई एयरपोर्ट में अडानी समूह की बड़ी हिस्सेदारी

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन में अडानी समूह और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की अहम भूमिका है। एयरपोर्ट में AAI की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि शेष 74 प्रतिशत हिस्सेदारी AAHL के पास है।

अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के वैकल्पिक प्रस्ताव पर केंद्र सरकार और एयरपोर्ट प्रबंधन क्या फैसला लेते हैं। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो मुंबई से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई शिफ्ट करने की योजना में बदलाव हो सकता है।

Updated on:
10 Nov 2026, 7:03 PM IST
Published on: