मुंबई

Mumbai Milk Price Hike: मुंबई में महंगा हुआ तबेले का दूध, 1 सितंबर से 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ेंगे दाम

Mumbai Milk Price: मुंबई में तबेले के दूध की थोक कीमत रिकॉर्ड 9 रुपये बढ़ाकर 102 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। नई दर 1 सितंबर से लागू होगी।
2 min read
Aug 29, 2026
Mumbai Milk Price Hike
मुंबई में 1 सितंबर से 9 रुपये प्रति लीटर महंगा होगा दूध, जानें नई दर (Patrika File Photo)

Milk Price Hike Mumbai: मुंबईकरों को महंगाई का एक और झटका लगने वाला है। भैंस के दूध की थोक कीमत में रिकॉर्ड 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़ाकर 102 रुपये प्रति लीटर करने का फैसला किया है। नई कीमतें 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी।

दूध की थोक कीमत बढ़ने का सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ने वाला है। एसोसिएशन के मुताबिक, थोक दर में बढ़ोतरी के बाद खुदरा बाजार में दूध की कीमत भी बढ़ेगी। हालांकि, खुदरा कीमत कितनी बढ़ेगी, यह संबंधित विक्रेताओं और बाजार पर निर्भर करेगा।

9 रुपये की रिकॉर्ड बढ़ोतरी

बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने दूध की कीमत बढ़ाने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति जताई। 9 रुपये प्रति लीटर की यह बढ़ोतरी हाल के वर्षों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी बताई जा रही है।

नई दर 1 सितंबर से लागू होने के बाद 28 फरवरी 2027 को इसकी समीक्षा की जाएगी। यानी फिलहाल बढ़ी हुई थोक दर अगले करीब छह महीने तक लागू रहेगी।

पशु आहार और चारे की बढ़ती कीमत बनी वजह

एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.के. सिंह ने दूध के दाम बढ़ाने के फैसले की वजह बताते हुए कहा कि पशु आहार, चारा और दूध उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली अन्य जरूरी चीजों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है।

उन्होंने बताया कि दूध देने वाले पशुओं से लेकर अनाज, तुअर और चना के आहार तथा मक्के तक की कीमतों में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। घास और चारे की कीमतें भी काफी बढ़ गई हैं।

सीके सिंह के मुताबिक, उत्पादन लागत लगातार बढ़ने के कारण पुरानी कीमत पर दूध बेचना अब व्यावहारिक नहीं रह गया है।

दूध के दाम बढ़ने से बढ़ेगा घरेलू बजट

मुंबई में बड़ी संख्या में परिवार रोजाना दूध खरीदते हैं। ऐसे में भैंस के दूध की थोक कीमत में 9 रुपये की बढ़ोतरी का असर खुदरा बाजार में भी दिखाई देगा। दूध की कीमत बढ़ने के साथ-साथ चाय, मिठाई, डेयरी उत्पाद और दूध से तैयार होने वाली कई चीजों की लागत पर भी इसका असर पड़ सकता है। हालांकि एसोसिएशन का कहना है कि बढ़ती उत्पादन लागत को देखते हुए यह फैसला जरूरी हो गया था।

मुंबई में बढ़ेगा ऑटो-टैक्सी का किराया

वहीं, 1 सितंबर से ऑटो-रिक्शा के न्यूनतम किराये में एक रुपया और टैक्सी के किराये में दो रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई महानगर (MMR) ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो जाएगा, जबकि पहले 1.5 किमी के लिए टैक्सी का न्यूनतम किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा।

Updated on:
29 Aug 2026 09:13 am
Published on:
29 Aug 2026 09:08 am