Mumbai Crime: मुंबई में एक 19 वर्षीय महिला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एक नाबालिग लड़के के कथित अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 19 वर्षीय युवती पर अपने 17 वर्षीय नाबालिग पड़ोसी के अपहरण और यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस जांच में पता चला कि यह पूरा मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा है।
आरोप है कि पिछले साल अगस्त में युवती ने लड़के को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, युवती ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया, तो वह उसे गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अगस्त 2025 से फरवरी 2026 के बीच आरोपी युवती ने कई बार नाबालिग लड़के का मानसिक और शारीरिक शोषण किया। जब भी युवती घर में अकेली होती, वह डरा-धमकाकर पीड़ित लड़के को अपने पास बुला लेती थी।
आरोपी लड़की लगातार नाबालिग पर शादी करने का दबाव बना रही थी। जब लड़के ने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो युवती ने खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और आखिर में लड़के का अपहरण कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग किसी तरह युवती के चंगुल से भागने में सफल रहा और अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। उसकी बातें सुनकर परिजन दंग रह गए और तुरंत मानखुर्द पुलिस स्टेशन पहुंचे। मानखुर्द पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अपहरण संबंधी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी युवती फरार बताई जा रही है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़ें