
अशोक खरात के करीबी जितेंद्र शेलके की मौत (Photo: X/AIR)
महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर हुए उस भीषण हादसे में अब एक नया मोड़ आ गया है, जिसमें नासिक के पाखंडी बाबा अशोक खरात के करीबी सहयोगी डॉ. जितेंद्र शेलके और उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। पहले कहा गया था कि शेलके की कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से टकराई थी, लेकिन अब ट्रक ड्राइवर ने पुलिस पूछताछ में अलग ही दावा किया है। जितेंद्र शेलके खरात मामले के महत्वपूर्ण गवाह थे। वे खरात के शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे और वर्षों से उसके करीबी सहयोगी माने जाते थे।
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अहिल्यानगर जिले के कोपरगांव तालुका के धोत्रे गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र शेलके अपनी पत्नी अनुराधा शेलके और बेटे के साथ संभाजीनगर से शिर्डी की ओर जा रहे थे, तभी उनकी कार सामने चल रहे कंटेनर ट्रक के पीछे जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर के नीचे फंस गई। हादसे में शेलके और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक के खड़े होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस अब ट्रक चालक के बयान की जांच कर रही है। कंटेनर चालक जमाल वारिस ने पुलिस को बताया कि वह हैदराबाद से अहमदाबाद जा रहा था, तभी रेडिएटर पाइप लीक होने के कारण वाहन ओवरहीट होने लगा।
चालक के अनुसार, उसने ट्रक की गति धीमी कर दी थी और वह उसे सड़क किनारे ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ट्रक पूरी तरह रुका नहीं था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ट्रक से टकरा गई।
कोपरगांव पुलिस स्टेशन में इस मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि हादसे की सही वजह जानने के लिए परिवहन विभाग के विशेषज्ञों की मदद से विस्तृत क्रैश एनालिसिस किया जा रहा है।
बता दें कि जितेंद्र शेलके, नासिक के चर्चित यौन उत्पीड़न मामले में घिरे अशोक खरात के बेहद करीबी माने जाते थे। वह ‘शिवनिका ट्रस्ट’ के उपाध्यक्ष रह चुके थे। यहां तक की शेलके के व्यवसाय में भी खरात की हिस्सेदारी बताई जाती है। की गिरफ्तारी के बाद से ही शेलके काफी परेशान चल रहे थे।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक के बयान की पुष्टि कर रही है और यह जांच की जा रही है कि हादसे के वक्त ट्रक चल रहा था या खड़ा था।
Updated on:
19 Apr 2026 03:46 pm
Published on:
19 Apr 2026 03:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
