Stuti Sonwane Suicide Case: पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक युवती और फजल खान की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और वे डेढ़ साल तक रिलेशनशिप में थे।
मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में एक 24 वर्षीय दंत चिकित्सा की स्नातकोत्तर छात्रा की आत्महत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने छात्रा के कमरे से 6 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसके आधार पर उसके पूर्व प्रेमी फजल मोहम्मद खान (31) को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। खान इंश्योरेंस ब्रोकर बताया जा रहा है। आरोप है कि वह छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
पुलिस के अनुसार, मृतका स्तुति सोनावाने (24) एंटॉप हिल के रावली कैंप इलाके में अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थी। वह नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज से मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (MDS) की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही वह मुंबई के नायर अस्पताल में पार्ट-टाइम काम भी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, युवती के पिता ने एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पिता ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे उनकी बेटी अपने कमरे में गई और परिवार के बुलाने के बावजूद रात के खाने के लिए बाहर नहीं आई।
अगली सुबह भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार ने दरवाजा तोड़ा। अंदर युवती सफेद नायलॉन की रस्सी से फांसी पर लटकी मिली। परिवार तुरंत उसे सायन अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने सुबह करीब सवा 11 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने 31 वर्षीय फजल खान को आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment of Suicide) के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू सुसाइड नोट में दिल्ली के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड का जिक्र होना है। मई 2022 में श्रद्धा वालकर के लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने उसकी हत्या करने के बाद उसके शरीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा था। उसके शरीर के टुकड़े फ्रिज में भी मिले थे।
छात्रा ने अपनी व्यथा लिखते हुए बताया कि उसके दोस्त उनके रिश्तों में चल रहे तनाव से वाकिफ थे। अक्सर मजाक में उसके दोस्त कहते थे, "कहीं तुम भी एक दिन फ्रिज में न मिलो।"
पुलिस को मौके से छह पन्नों का इंग्लिश में लिखा सुसाइड नोट मिला है। जांच में पुष्टि हुई कि नोट की लिखावट स्तुति की है। नोट में उसने अपने पूर्व बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते का जिक्र किया है। उसने बताया कि दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप पर हुई थी। इसके बाद दोनों करीब डेढ़ साल तक रिलेशनशिप में रहे।
युवती ने आरोप लगाया कि फजल खान उस पर शक करता था और उसके चरित्र को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करता था। जिससे उसे गंभीर मानसिक तनाव होने लगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाद में दोनों को एहसास हुआ कि उनका रिश्ता आगे नहीं चल सकता, इसलिए उन्होंने अलग होने और सिर्फ दोस्त बने रहने का फैसला किया।
इसी बीच युवती की जिंदगी में किसी अन्य व्यक्ति की एंट्री हो गई, जो आरोपी को पसंद नहीं आई। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
पुलिस के अनुसार, गुस्से में आरोपी ने युवती के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका उस पर गहरा मानसिक असर पड़ा।
एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है, यह प्रेम प्रकरण और उसके बाद पैदा हुए विवाद का नतीजा है।