मुंबई

‘तुम मेरे घर बार-बार क्यों आते हो? आगे से फिर मत दिखना’, पत्नी के सामने कथित प्रेमी की कर दी चाकू मारकर हत्या

Mumbai Goregaon Murder Case: मुंबई के गोरेगांव में पत्नी पर शक के चलते एक पति ने उसके कथित प्रेमी की पत्नी के सामने ही चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरे कॉलोनी के जंगलों में भागे आरोपी को पुलिस ने महज तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
May 15, 2026
mumbai goregaon murder case
photo ai

Goregaon Crime News: महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई के गोरेगांव इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने इस खूनी खेल को मृतक की ही पत्नी के सामने अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही आरे थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया और महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।

लंबे समय से चल रहा था शक का विवाद

महाराष्ट्र पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 48 वर्षीय भीमराज ओमप्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। भीमराज को काफी समय से शक था कि उसकी पत्नी और विकास भुसारे मृतक के बीच प्रेम संबंध चल रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में अक्सर गंभीर विवाद होता रहता था। विवाद इतना बढ़ चुका था कि कुछ समय पहले विकास ने आरोपी भीमराज की पत्नी के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बाद भी भीमराज के मन से शक दूर नहीं हुआ और उसने विकास को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

शराब पार्टी के दौरान बेकाबू हुआ गुस्सा

घटना वाली रात आरोपी भीमराज ने साजिश के तहत विकास को अपने घर बुलाया था। जहां देर रात तक भीमराज, उसकी पत्नी और विकास ने एक साथ बैठकर शराब पी। शराब के नशे में पुराना विवाद एक बार फिर उखड़ गया और बातचीत देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। इस दौरान गुस्से में बेकाबू होकर भीमराज ने विकास से कहा, तुम बार-बार मेरे घर क्यों आते हो? आज के बाद यहां दोबारा मत दिखना।

पत्नी के सामने रेता गला, मौके पर मौत

यह बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसी बीच भीमराज ने आव देखा न ताव, घर के अंदर से एक तेज धारदार चाकू निकाला और विकास की पत्नी के सामने ही विकास के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से गले पर हुआ वार इतना गहरा था कि बहुत ज्यादा खून बह गया और विकास की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

3 घंटे में पकड़ा गया हत्यारा

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीमराज घबरा गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए फौरन पास ही स्थित आरे कॉलोनी के घने जंगलों की तरफ भाग निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरे पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए अलग-अलग टीमें गठित कीं और आरे के जंगलों में एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की मुस्तैदी के कारण महज तीन घंटे के भीतर हत्यारे भीमराज को ढूंढ निकाला गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Updated on:
15 May 2026 05:32 pm
Published on:
15 May 2026 05:32 pm
Also Read
View All
‘सलमान खान डर गया’, अभिनेता के नए पोस्ट से मची हलचल; छात्रों के आंदोलन के बीच फैंस बोले- ‘शेर कभी नहीं डरता’

‘तीन रातों से सोया नहीं, सिर्फ रोया हूं’, जंतर-मंतर पर छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज पर भावुक हुए शेखर सुमन

‘अब कोर्ट में मिलते हैं’, तनिष्क बागची पर अमाल मलिक का बड़ा हमला, ‘मी टू’ और शादी के वादे को लेकर लगाए गंभीर आरोप

‘चुप रहने का मतलब यह नहीं कि मुझे परवाह नहीं’, छात्र आंदोलन पर आमिर खान की बेटी इरा खान का बयान वायरल

‘फिल्में युवाओं को प्रभावित करती हैं’, सेंसरशिप के समर्थन में उतरे Ravi Kishan, ‘मिर्जापुर’ रिलीज से पहले दिया बड़ा बयान