मुंबई

मुंबई में आज रात भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, समुद्र में उठेंगी 4.27 मीटर ऊंची लहरें, BMC अलर्ट पर

Mumbai Rains: मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Jul 02, 2026
Mumbai rains
मुंबई में बारिश से जलभराव (Photo: IANS/File)

Mumbai Weather Update: मुंबई में लगातार तीन दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। प्रभादेवी, परेल, दादर, माटुंगा, कुर्ला, अंधेरी, चेंबूर, किंग्स सर्कल, मुलुंड समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। इससे लोगों को आवागमन में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के चलते ईस्टर्न और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी ट्रैफिक की रफ्तार धीमी है। शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न है। उधर, मुंबई लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी बारिश का असर दिख रहा है। इस बीच, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने गुरुवार को मुंबई और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है, साथ ही रात और शुक्रवार सुबह के समय बहुत ज्यादा भारी बारिश की भी संभावना जताई है।

आज रात हो सकती है भीषण बरसात- BMC

बीएमसी (BMC) के अनुसार, आज मुंबई शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, आज रात और शुक्रवार सुबह कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चलने की आशंका है।

बीएमसी के मुताबिक, 1 जुलाई सुबह 8 बजे से 2 जुलाई सुबह 8 बजे तक मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश हुयी है। इस दौरान मुंबई शहर में 172 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 189 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 165 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मुंबई महानगर में रेड अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज सुबह 7:45 बजे जारी नाउकास्ट चेतावनी में मुंबई, रायगढ़, पालघर और ठाणे जिलों के लिए अगले तीन घंटों के दौरान रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बारिश के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

हाई टाइड का अलर्ट जारी

बीएमसी ने बताया कि आज दोपहर 1:45 बजे और 3 जुलाई को रात 1:31 बजे समुद्र में हाई टाइड आएगा। इस दौरान क्रमशः 4.27 मीटर और 3.71 मीटर ऊंची लहरे समुद्र में उठेंगी। जबकि आज शाम 7:49 बजे और शुक्रवार सुबह 7:11 बजे लो टाइड रहेगा।

फ्लैट की छत गिरने से एक की मौत

लगातार हो रही बारिश के बीच नवी मुंबई के कामोठे इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहाँ घर की छत का स्लैब गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज प्रकाश लोखंडे के रूप में हुई है। खारघर डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त विक्रम कदम ने बताया कि इस हादसे में मृतक की बेटी वेदिका के हाथ में भी चोट आई है। उन्होंने बताया कि जिस दो बीएचके फ्लैट में यह हादसा हुआ, उसमें मृतक का परिवार और उसके भाई का परिवार साथ रहता था। मामले की जांच चल रही है।

इससे पहले मुंबई के उपनगरीय चेंबूर में आंधी-बारिश के दौरान स्कूल बस पर पीपल का विशाल पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। हादसे के एक दिन बाद बुधवार को बीएमसी ने एक सहायक उद्यान अधीक्षक को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। इस हादसे की विभागीय जांच चल रही है।

Updated on:
02 Jul 2026 10:43 am
Published on:
02 Jul 2026 09:57 am