
Mumbai Local Train News: मुंबई से कोंकण और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिवा-पनवेल रेल खंड पर 22 से 29 नवंबर तक रात के समय बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इसके चलते कई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ने की संभावना है। कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना होंगी। मध्य रेलवे ने यात्रियों को इस बदलाव को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के अनुसार, 22-23 नवंबर की रात से लेकर 28-29 नवंबर की रात तक प्रतिदिन रात 1 बजकर 50 मिनट से सुबह 4 बजकर 5 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान रेल यातायात भी प्रभावित होगा।
यह काम पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स परियोजना के तहत जरूरी तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए किया जा रहा है। इस मेगा ब्लॉक का असर अप और डाउन कर्जत लाइन, दिवा-वसई-रोहा-पनवेल रेल खंड और पनवेल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पड़ेगा।
इसके अलावा रायगढ़ जिले के आपटा, जीते, सोमटणे और पोयंजे (मोहपे) स्टेशनों पर भी कई ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोका जाएगा।
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ब्लॉक के दौरान मुंबई और दक्षिण भारत के बीच चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। इनमें शामिल हैं:
मध्य रेलवे के मुताबिक, पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स परियोजना के तहत किए जा रहे इस काम के पूरा होने के बाद पनवेल स्टेशन पर कोचिंग सुविधाओं में सुधार होगा। साथ ही ट्रेनों के रखरखाव की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
रेलवे के इस काम के कारण अगले कुछ दिनों तक मुंबई से कोंकण, गोवा, केरल और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय और रेलवे की ताजा जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।