
Mumbai Rain Alert: मुंबई और उसके पश्चिमी उपनगरों में बुधवार सुबह से एक बार फिर मूसलाधार बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। देर रात हुई तेज बारिश के बाद सुबह भी लगातार बारिश जारी रही, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे ज्यादा असर अंधेरी सबवे पर देखने को मिला, जहां करीब 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिसके चलते सबवे को यातायात के लिए बंद करना पड़ा।
बारिश का सबसे अधिक असर पश्चिमी उपनगरों में देखने को मिल रहा है। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मालाड, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज और बांद्रा समेत कई इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही है। मुलुंड, भांडुप, पवई सहित पूर्वी उपनगरों में भी तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। एलबीएस रोड पर यातायात धीमा चल रहा है।
लगातार बारिश के कारण अंधेरी सबवे पूरी तरह पानी में डूब गया। करीब 4 से 5 फीट पानी भरने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सबवे को वाहनों के लिए बंद कर दिया है। इसके चलते आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है।
बारिश का असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। सेंट्रल रेलवे की ट्रेनें लगभग 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन पर भी लोकल सेवाएं 15 से 20 मिनट लेट हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वेस्टर्न लाइन पर भी लोकल ट्रेनें 5 से 10 मिनट की देरी से चल रही है। यात्रियों को स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ रहा है और कार्यालय जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ठाणे में 137.12 मिमी बारिश दर्ज
ठाणे में मंगलवार देर रात से हुई मूसलाधार बारिश के बाद फिलहाल बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई है। अब तक जिले में 137.12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए अगले चार दिनों तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शनिवार तक मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। खासकर 2 और 3 जुलाई को इन सभी तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है, जिसके चलते प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मौसम विभाग ने रायगढ़ जिले के लिए गुरुवार को रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अत्यधिक बारिश के साथ आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं ठाणे और पालघर जिलों में अगले पांच दिनों तक ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। इन इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।