
Mumbai Rain Alert: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और उससे सटे जिलों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। एक ओर मॉनसून की झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर जलभराव, धीमा ट्रैफिक और रोजमर्रा की जिंदगी पर इसका असर भी साफ दिखाई दे रहा है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई सहित पूरे कोंकण रीजन के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी के अनुसार, मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि, मंगलवार के लिए मुंबई में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा, जबकि इसके बाद के दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के जिलेवार पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार तक मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना। वहीं, गुरुवार को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी की गयी है। शनिवार को अलग-अलग इलाकों में फिर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मुंबई के अलावा आसपास के जिलों के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यहां बहुत भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
वहीं, ठाणे और पालघर जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिन मॉनसून काफी सक्रिय रहने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। मछुआरों और समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।