24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई और ठाणे में 24-25 और 27 जून को बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी

Mumbai, Thane Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और ठाणे के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले 3-4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 24, 2026

Mumbai Rains

मुंबई में भारी बारिश से लोकल सेवा प्रभावित (Photo: IANS/File)

Weather Update: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में अगले तीन-चार दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर 24 जून को इन तीनों जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 24 जून को मुंबई, ठाणे और पालघर में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मुंबई में आज सबसे ज्यादा असर

मुंबई में बुधवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। बीती रात से ही जारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर भी पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर में बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी बहुत संभावना है।

25 जून और 27 जून को भी मुंबई में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। जबकि 26 जून को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

ठाणे में आंधी-बारिश का अलर्ट

ठाणे जिले के लिए भी मौसम विभाग ने 24 जून को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मुंबई की तरह ही 25 जून और 27 जून को भी गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का अनुमान है। इन दिनों बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में मौसम खराब होने पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

पालघर में कल से घटेगा बारिश का जोर

पालघर जिले में अगले 24 घंटे तक बारिश से राहत नहीं मिलेगी। इस दौरान जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद इस हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

24 घंटे धुआंधार बारिश हुई

मुंबई में भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं, निचले इलाकों में पानी भर गया और सड़क यातायात भी बाधित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में महानगर के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी मुंबई के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा, "मानसून पहले कुछ समय के लिए ठहर गया था, लेकिन 22 जून से फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई में अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई है, जबकि अन्य कई क्षेत्रों में भी बहुत भारी बारिश हुई है।"