मुंबई में एक बार फिर विदेशी पर्यटक से ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अमेरिकी महिला से 400 मीटर की दूरी के लिए 18 हजार रुपये वसूलने वाले आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई की सड़कों पर विदेशी पर्यटकों को ठगने का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सहार पुलिस ने एक ऐसे टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, जिसने अमेरिका से आई एक महिला पर्यटक से मात्र 400 मीटर की दूरी के लिए 18,000 रुपये वसूल लिए। पुलिस ने आरोपी की पहचान 50 वर्षीय देशराज यादव के रूप में की है। उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
यह घटना इसी साल 12 जनवरी की है, जब अमेरिकी नागरिक अर्जेंटीना एरियानो मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं। उन्हें एयरपोर्ट के बिल्कुल पास स्थित हिल्टन होटल (Hilton Hotel) जाना था, जिसकी दूरी आधा किलोमीटर से भी कम थी।
आरोपी ड्राइवर देशराज और उसके एक साथी ने महिला को सीधे होटल ले जाने के बजाय अंधेरी (पूर्व) इलाके में करीब 20 मिनट तक गोल-गोल घुमाया। महिला को यह एहसास कराया गया कि रास्ता लंबा है। अंत में उसे उसी होटल के सामने उतार दिया गया और 18,000 रुपये का भारी-भरकम किराया वसूला गया।
मामला तब सामने आया जब पीड़ित महिला ने 26 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी आपबीती बताई और टैक्सी नंबर का वीडियो भी साझा किया। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गया और लोगों ने मुंबई पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
हालांकि महिला से सीधा संपर्क नहीं हो सका, लेकिन सहार पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए 27 जनवरी को एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर देशराज को ट्रैक कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस की जांच में पता चला कि ड्राइवर ने जानबूझकर ठगी के इरादे से रास्ता लंबा किया था। आरोपी देशराज यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके साथी तौफीक शेख की तलाश कर रही है।