
Mumbra News: मुंबई से सटे मुंब्रा में मिठाई खाने के बाद पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें से 35 वर्षीय जुबेर अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोगों की हालत इलाज के बाद सुधर गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास स्थित दुकान 'सागर स्वीट्स' से खरीदी गई अफलातून मिठाई खाने के बाद सभी की तबीयत खराब हुई थी। घटना के बाद मुंब्रा पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिठाई की दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया है।
परिजनों के मुताबिक, जुबेर अंसारी (35) समेत पांच लोगों ने सागर स्वीट्स से खरीदी गई अफलातून मिठाई खाई थी। मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित परिवार का दावा है कि इलाज के दौरान जुबेर ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य चार लोग इलाज के बाद ठीक हो गए।
परिवार के एक सदस्य ने बताया कि दुकान से मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद पांचों की तबीयत खराब होने लगी। बाकी चार लोगों की जान बच गई, लेकिन जुबेर को नहीं बचाया जा सका। दुकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंब्रा पुलिस और एफडीए की टीम ने सागर स्वीट्स का दौरा किया। अधिकारियों ने दुकान बंद करवाया और मिठाई के नमूने लैब में जांच के लिए भेजे, ताकि उसकी गुणवत्ता और उसमें किसी तरह की मिलावट या खराबी की पुष्टि की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जुबेर अंसारी की मौत मिठाई खाने की वजह से ही हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मिठाई के नमूनों की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।