16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पुणे की एयर होस्टेस की मौत मामले में नया मोड़, दोस्त हिरासत में; ढाई साल की बेटी से उठा मां का साया

Pune Air Hostess Murder: महाराष्ट्र के गोंदिया में पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस को उसके दोस्त पर ही शक है। वर्षा का शव वैनगंगा नदी के पास जंगल में मिला था। पुलिस ने दोस्त को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 16 Nov 2026, 9:56 AM IST

IndiGo air hostess murder

गोंदिया के जंगल में मिला वर्षा तुरकर का शव, दोस्त हिरासत में (Photo: x/@PoliceMahanagar)

Varsha Turkar Murder: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक एयर होस्टेस की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुणे में एक निजी विमानन कंपनी में काम करने वाली 35 वर्षीय वर्षा तुरकर का शव वैनगंगा नदी के पास बोंडरानी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला की पीठ पर चाकू से चार वार किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके दोस्त नितेश अग्रवाल को हिरासत में लिया है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

दिवाली की छुट्टियों में मायके आई थी वर्षा

जानकारी के मुताबिक, वर्षा तुरकर पुणे में रहती थीं और पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की एयर होस्टेस थीं। दिवाली की छुट्टियों में वह अपनी तीन साल की बेटी के साथ छत्तीसगढ़ के बालाघाट जिले के नवेगांव किन्ही गांव स्थित मायके आई थीं। शनिवार की शाम को गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोंडरानी जंगल में उनका शव मिला।

बताया जा रहा है कि वर्षा की पीठ पर चाकू से चार वार किए गए थे। वर्षा को गंभीर हालत में खैरलांजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम 7 बजे के आसपास डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय दोस्त नितेश अग्रवाल भी साथ था। उसने पूरी घटना को लूटपाट बताया है, लेकिन पुलिस को घटना के हालात पर शक है।

दोस्त ने पुलिस को बताई तीन अज्ञात हमलावरों की कहानी

घटना के समय वर्षा अपने दोस्त नितेश नरेश अग्रवाल के साथ थीं। नितेश गोंदिया के मनोहर चौक इलाके का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि दोनों घटनास्थल के पास अपनी कार से उतरकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे और लूटपाट करने की कोशिश की।

नितेश के मुताबिक, तीनों में से एक आरोपी ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल वर्षा को अस्पताल ले जाया गया।

दोस्त को खरोंच तक नहीं आई, पुलिस को शक

इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि हमले के दौरान वर्षा के दोस्त नितेश को किसी तरह की चोट नहीं आई। उसने परिवार को बताया था कि कुछ बुर्का पहने लोगों ने लूटपाट के इरादे से हमला किया था। हालांकि, उसके सुरक्षित रहने और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को देखते हुए पुलिस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।

प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पूछताछ के लिए नितेश अग्रवाल को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

दो साल पहले प्रेम विवाह, पिता बोले- नितेश ने घटना के बारे में बताया

परिजनों के मुताबिक, वर्षा ने वर्ष 2024 में प्रेम विवाह किया था। उनकी ढाई साल की एक बेटी है। वर्षा के पति इंदौर में रहते हैं। परिवार के अनुसार, वर्षा को रविवार को वापस पुणे लौटना था, लेकिन इससे पहले ही उनकी हत्या हो गई। वर्षा के पिता ने बताया कि वह उनकी सबसे बड़ी बेटी थी। उन्हें नितेश से ही घटना के बारे में पता चला था।

फिलहाल गोंदिया पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बाद जांच से जुड़े दस्तावेज महाराष्ट्र पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई है। वर्षा की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।