
Devendra Fadnavis Deleted Tweet: महाराष्ट्र के नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कांग्रेस पर किया गया एक ट्वीट चर्चा में आ गया है। कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहाले को 3,271 वोटों से हराकर लगातार दूसरी बार यह सीट जीत ली। इसके बाद महाराष्ट्र कांग्रेस व अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर फडणवीस के उस ट्वीट का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। वहीं, एनसीपी के शरद पवार गुट के नेता रोहित पवार ने भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए चुटकी ली।
नागपुर में लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस को भाजपा पर राजनीतिक हमला करने का मौका मिल गया है। फडणवीस के डिलीट किए गए ट्वीट को लेकर कांग्रेस ने कहा, "ट्वीट डिलीट करके फडणवीस ने एक बार फिर सावरकर की विरासत को आगे बढ़ाया! चुनाव के पूरे नतीजे आने से पहले ही बड़ी बाजी मारने के अंदाज में फडणवीस ने ट्वीट कर दिया। लेकिन उनका वही तीर उल्टा पड़ गया और सीधे उनके सीने में जा लगा! आखिरकार, किरकिरी होने के बाद उन्हें अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ा। फडणवीस जी, इतनी जल्दी घबरा गए? यह तो सिर्फ ट्रेलर है! 2029 में महाराष्ट्र की जनता आपकी ऐसी राजनीतिक दुर्गति करेगी कि आज का यह ट्वीट भी आपको याद आएगा! ऑल द बेस्ट, फडणवीस जी! अगले झटके के लिए तैयार रहिए।"
नागपुर को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह क्षेत्र में पार्टी की हार को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। चुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
नागपुर चुनाव के नतीजे आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांग्रेस पर तंज कसा था। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कटाक्ष किया था।
प्रधानमंत्री के इस पोस्ट के जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था। महाराष्ट्र कांग्रेस ने बाद में फडणवीस के डिलीट किए गए ट्वीट का स्क्रीनशॉट साझा किया। इस पोस्ट में कांग्रेस को चुनावों में 'बड़ा शून्य' मिलने की बात कही गई थी। ट्वीट में यह भी लिखा गया था कि कम से कम कांग्रेस एक मामले में लगातार एक जैसी बनी हुई है।
हालांकि, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आने के बाद फडणवीस का यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गया। कांग्रेस ने डिलीट किए गए ट्वीट का स्क्रीनशॉट साझा कर भाजपा पर निशाना साधा।
एनसीपी के शरद पवार गुट के नेता रोहित पवार ने भी इस मामले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेरा। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मराठी में ट्वीट कर चुटकी ली। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी को जीत की बधाई दी।
रोहित पवार ने अपने पोस्ट में लिखा, "देवेंद्र फडणवीस साहेब, जिस नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आपने खुद व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया, जहां आपने घर-घर जाकर बागियों को पीछे हटने के लिए मनाया, उसी नागपुर और संघ मुख्यालय वाले क्षेत्र में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा… इसका अर्थ बिल्कुल स्पष्ट है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे दुख है कि आपको अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ा; लेकिन आपके डिलीट हुए ट्वीट में दिख रहा सत्ता का इतना अहंकार ठीक नहीं है। खैर, समझा जा सकता है… शायद आपको इस बात का ध्यान नहीं रहा होगा कि चुनाव बैलेट पेपर पर हुआ था, इसीलिए पहले ही ट्वीट हो गया होगा। विजयी उम्मीदवार अभिजीत वंजारी को बधाई!"
नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मंगलवार सुबह शुरू हुई मतगणना गुरुवार तड़के समाप्त हुई। 40 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी को विजेता घोषित किया गया। वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार और पूर्व विधायक सुधाकर कोहाले को 63,960 वोट हासिल हुए। इस तरह कांग्रेस उम्मीदवार ने 3,271 मतों से जीत दर्ज की।
यह सीट लंबे समय तक भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी कई कार्यकाल तक इस निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य रहे थे। नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय भी स्थित है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा की हार को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि पिछले चुनाव में भी अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को हराया था। इस बार सुधाकर कोहाले को मैदान में उतारकर भाजपा ने सीट वापस हासिल करने की कोशिश की, लेकिन पार्टी को सफलता नहीं मिली।