मुंबई

नागपुर: प्रेमी ने तोड़ा 11 साल का रिश्ता, 23 मिनट के वीडियो कॉल पर युवती ने उठाया खौफनाक कदम

Nagpur Crime News: नागपुर में युवती की मौत के मामले में उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। परिवार का आरोप है कि शादी से इनकार और आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी से युवती परेशान थी।
2 min read
Sep 23, 2026
Nagpur Love Crime
प्रेमी ने शादी से किया इनकार, आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की दी थी धमकी (AI Image)

Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शारीरिक शोषण और शादी से इनकार के बाद एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ लाइव वीडियो कॉल के दौरान खौफनाक कदम उठाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद भी प्रेमी के मोबाइल पर करीब 23 मिनट तक यह वीडियो कॉल चालू रहा।

पीएचडी कर रहा है आरोपी प्रेमी

युवती की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि 11 साल तक प्रेम संबंध में रहने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार किया और शादी के लिए दबाव बनाने पर आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

यह घटना धंतोली पुलिस थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में अमरावती के शिवाजीनगर निवासी 34 वर्षीय सचिन डहाट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल पुणे में रहकर पीएचडी कर रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

2015 से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सचिन और रेवती (बदला हुआ नाम) के बीच वर्ष 2015 से प्रेम संबंध था। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने का वादा किया था। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर सचिन ने रेवती का शारीरिक शोषण किया।

दिसंबर 2025 से अंजली नागपुर की एक कंपनी में काम कर रही थी और धंतोली इलाके में अपनी एक सहेली के साथ रहती थी।

कुछ दिन पहले सचिन अपने एक दोस्त के साथ रेवती की मां से मिलने गया था। उसने कथित तौर पर रेवती से शादी करने की बात उसकी मां को बताई थी। मां ने भी इस रिश्ते के लिए सहमति दे दी थी। इसके बाद सचिन ने अपनी मां और भाई को भी रिश्ते के बारे में जानकारी दी, लेकिन उन्होंने शादी से इनकार कर दिया।

शादी के लिए दबाव बनाने पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी का आरोप

शिकायत के मुताबिक, परिवार की ओर से शादी से इनकार किए जाने के बाद सचिन ने इस मामले को लेकर कथित तौर पर चुप्पी साध ली। वह नागपुर आता रहा और रेवती से मिलता रहा। आरोप है कि इस दौरान भी उसने उसका शारीरिक शोषण किया।

रेवती जब शादी के लिए उस पर दबाव बनाने लगी तो सचिन ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इससे रेवती को गहरा सदमा लगा।

वीडियो कॉल पर उठाया खौफनाक कदम

रेवती की मां की शिकायत के अनुसार, 19 सितंबर की रात उसने अपने कमरे में जाकर सचिन को वीडियो कॉल किया। उसने कथित तौर पर वीडियो कॉल के दौरान सचिन को बताया कि वह दुनिया से जा रही है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद सचिन ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की।

रेवती की मां का कहना है कि घटना के बाद भी दोनों के बीच वीडियो कॉल करीब 23 मिनट तक जारी रहा। मां की शिकायत के आधार पर धंतोली पुलिस ने सचिन के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब वीडियो कॉल, मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Updated on:
23 Sept 2026 12:11 pm
Published on:
23 Sept 2026 11:58 am