
Nagpur Missing Software Engineer: महाराष्ट्र के नागपुर से एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। 23 वर्षीय राहुल सुमित मिश्रा पिछले एक महीने से लापता है। वह पुणे की एक नामी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता था। हैरानी की बात यह है कि उसकी बाइक, मोबाइल, बैग और चप्पलें लोनावला के निनी पॉइंट के पास मिली हैं, लेकिन राहुल का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में माता-पिता परेशान हैं। उन्होंने बताया कि बीते एक महीने से बेटे से कोई संपर्क नहीं हो सका है। पूरे परिवार का बुरा हाल है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 वर्षीय राहुल मिश्रा नागपुर के मानेवाड़ा इलाके के गुरुकुंज नगर में परिवार के साथ रहते थे और अभी पुणे में नौकरी करते थे। राहुल 7 अक्टूबर से लापता है। उसके अचानक गायब होने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राहुल पुणे की एक प्रतिष्ठित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर काम करता था। नौकरी के कारण वह पुणे में पीजी में रहता था। हालांकि, परिवार से दूर रहने के बावजूद वह नियमित रूप से माता-पिता के संपर्क में रहता था और उनसे फोन पर बातचीत करता था।
7 अक्टूबर को भी राहुल ने हमेशा की तरह घरवालों से बात की थी। बातचीत के दौरान उसने बताया था कि वह गगनगिरी आश्रम गया था। लेकिन इसके बाद अचानक उसका परिवार से संपर्क टूट गया। शुरुआत में घरवालों को लगा कि वह काम में व्यस्त होगा और बाद में फोन करेगा। हालांकि, काफी समय तक उसका फोन नहीं आने और मोबाइल बंद रहने से परिवार की चिंता बढ़ने लगी।
राहुल की तलाश के दौरान एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास लोनावला के निनी पॉइंट इलाके में उसकी मोटरसाइकिल संदिग्ध हालत में खड़ी मिली।
इसके अलावा मौके पर उसका मोबाइल फोन, बैग और चप्पलें भी मिलीं। लेकिन राहुल वहां मौजूद नहीं था। उसके सामान के इस तरह मिलने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में राहुल के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद परिवार को उसके लापता होने की जानकारी मिली। पुलिस ने आसपास के इलाके में दो बार तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन राहुल का कोई पता नहीं चल सका। वह घाटी में भी कहीं नहीं मिला है।
राहुल के लापता होने के मामले में खोपोली पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज की गई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
परिवार पिछले एक महीने से राहुल की तलाश में लगातार भटक रहा है। उसकी हर संभावित लोकेशन और संपर्क से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन समय बीतने के साथ परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसके लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और दादी को अब भी उम्मीद है कि राहुल सुरक्षित घर लौट आएगा।
परिवार के मन में लगातार कई सवाल उठ रहे हैं। राहुल आखिर कहां गया? निनी पॉइंट पर उसकी बाइक और अन्य सामान कैसे पहुंचीं? उसके साथ कोई अनहोनी हुई है या वह किसी अन्य वजह से लापता हुआ है?
परिवार ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने और राहुल का जल्द से जल्द पता लगाने की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।