मुंबई

महाराष्ट्र: 15 साल के लिव-इन रिश्ते का खौफनाक अंत! नए प्रेमी के साथ मिलकर हसीना ने रास्ते से हटाया, 18 घंटे बाद शव लगाया ठिकाने

Maharashtra Crime: नासिक में 15 साल से लिव-इन में रह रहे व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला और उसके नए प्रेमी पर वारदात को अंजाम देने और शव कसारा घाट की खाई में फेंकने का आरोप है।
2 min read
Aug 18, 2026
Maharashtra love crime
नए प्रेमी के साथ मिलकर हसीना ने की हत्या, कसारा घाट में फेंका शव (File Photo)

Nashik Murder Case: महाराष्ट्र के नासिक से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां करीब 15 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला पर अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव को कार में डालकर कसारा घाट की खाई में फेंक दिया। इस पूरे मामले का खुलासा एक ट्रक चालक की शिकायत के बाद शुरू हुई पुलिस जांच में हुआ।

मामले में नासिक के इंदिरानगर पुलिस थाने में हसीना हबीब शेख (37) के खिलाफ अपहरण और हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हसीना शेख, उसके कथित प्रेमी साहिल शाह और मोइन शाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या की पूरी वजह और इस साजिश में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

15 साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों, गला दबाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, पाथर्डी फाटा स्थित एक रो-हाउस में वसंत गोरखनाथ सातपुते (39) और हसीना शेख पिछले करीब 15 वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वसंत बेरोजगार था और उसका खर्च हसीना उठाती थी। इसी दौरान हसीना की जिंदगी में साहिल की एंट्री हुई। नए रिश्ते को लेकर वसंत और हसीना के बीच विवाद होने लगा। इसी प्रेम त्रिकोण के चलते वसंत की हत्या की गई।

पुलिस जांच के अनुसार, 5 अगस्त की शाम वसंत घर में सो रहा था। इसी दौरान साहिल हसीना से मिलने के लिए वहां पहुंचा। साहिल को देखकर वसंत की नींद खुल गई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।

आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में साहिल ने हसीना के सामने ही वसंत का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को तुरंत घर से बाहर नहीं ले जाया गया, बल्कि करीब 18 घंटे तक घर में रखा गया।

आधी रात को कसारा घाट की खाई में फेंका शव

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद हसीना ने कथित तौर पर साहिल का साथ दिया और शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। दोनों ने वसंत के शव को कार में रखा और रात के समय कसारा घाट की ओर ले गए। आरोप है कि वहां शव को गहरी खाई में फेंक दिया गया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें।

ट्रक चालक की शिकायत से खुला मामला

इस मामले में 16 अगस्त को एक ट्रक चालक की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर क्राइम ब्रांच की यूनिट-1 की टीम ने कसारा घाट में तलाश शुरू की और वसंत का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और हसीना शेख, साहिल शाह तथा मोइन शाह को हिरासत में लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

हत्या के पीछे क्या था असली विवाद?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वसंत की हत्या के पीछे सिर्फ प्रेम त्रिकोण था या इसके पीछे कोई और वजह भी थी। हत्या किस परिस्थिति में हुई, शव को ठिकाने लगाने की पूरी योजना किसने बनाई और इस साजिश में और कितने लोग शामिल थे, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे। फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपियों को कस्टडी में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
18 Aug 2026 11:35 am
Published on:
18 Aug 2026 11:18 am